सीकेजी रियल्टी के डायरेक्टरों सहित पांच पर मुकदमा

Share News

एक अरब में बेची थी जमीन, एक करोड़ 36 लाख दिए

तय समय पर साढ़े 48 करोड़ नहीं देने का आरोप

न्यूज एंड नॉक संवाददाता, रुद्रपुर। एक किसान ने रियल स्टेट कंपनी के निदेशकों पर जमीन खरीदने के नाम पर धोखाधड़ी और धमकी देने का आरोप लगाया है। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने कंपनी डायरेक्टरों सहित पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।

रुद्रपुर कोतवाली में दर्ज कराए मुकदमे में भूरारानी निवासी आनन्द प्रकाश ने कहा कि उनकी भूमि ग्राम भूरारानी व जगतपुरा में स्थित है। जो उनके और उनके भाइयों ओमप्रकाश, रजिन्द्र धवन के नाम दर्ज है। वर्ष 2024 में उनकी जान-पहचान करूण गुप्ता से हुई थी। उसने खुद को सीकेजी रियल्टी प्रा.लि. का डायरेक्टर बताया था। करूण गुप्ता अपनी पत्नी यामिनी गुप्ता, पिता चन्द्रेश कुमार गुप्ता और मोनू गुप्ता के साथ उनके पास आए और उनकी साढ़े आठ एकड़ जमीन पर कॉलोनी विकसित कर भारी मुनाफे का झांसा दिया था। आरोप है कि एक अरब 10 करोड़ 50 लाख रुपये में उनकी जमीन का सौदा तय हुआ था और 8 मार्च 2024 को एग्रीमेंट तैयार किया गया था।

तय शर्तों के अनुसार अलग-अलग तिथियों में 2028 तक भुगतान होना था, लेकिन केवल 1 करोड़ 36 लाख 95 हजार रुपये ही विभिन्न खातों से दिए गए। जबकि शेष राशि का भुगतान नहीं हुआ। आरोप है कि जब-जब वह रकम की मांग करता रहा, उसे बहाने बनाकर टाल दिया गया। अप्रैल और अक्टूबर 2025 तक साढ़े 48 करोड़ की धनराशि देनी थी लेकिन एक भी किस्त नहीं दी गई।

बीते दो माह से रूपये मांगने पर उनसे गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। उन्हें जानकारी मिली कि वह लोग फर्जी स्टांप बनाकर उनकी जमीन को अन्य लोगों को बेच रहे हैं। पुलिस ने करूण गुप्ता, यामिनी, चन्द्रेश कुमार गुप्ता, मोनू गुप्ता निवासी मेट्रो पॉलिस कॉलोनी और शिव कुमार निवासी ईस्ट भाटिया नगर, वार्ड नंबर छह, अम्बाला हरियाणा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *