
एसओटीएफ कुमाऊँ और ड्रग्स विभाग ने की छापेमारी
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, उधमसिंहनगर। स्पेशल ऑपरेशन टास्क फोर्स, कुमाऊँ परिक्षेत्र ने ड्रग्स विभाग के साथ पुलभट्टा थाना क्षेत्र में नशीली दवाओं के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर नशीली दवाओं का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
आईजी कुमाऊँ परिक्षेत्र एवं स्वास्थ्य सचिव उत्तराखण्ड के आदेश पर औषधि नियंत्रक विभाग, एसओटीएफ और पुलभट्टा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सीनियर ड्रग्स इंस्पेक्टर नीरज कुमार की अगुवाई में पुलभट्टा में एसके मेडिकल स्टोर पर छापा मारा।
टीम ने Tramadol के 14,472 कैप्सूल, Alprazolam की 5,670 टैबलेट और Tramadol के 50 इंजेक्शन बरामद किए। मेडिकल स्टोर शकूर खान निवासी शक्तिफार्म रोड, ग्राम शहदोरा, चौकी बरा, थाना पुलभट्टा संचालित कर रहा था। इस मामले में थाना पुलभट्टा में शकूर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा पंजीकृत कर अभियुक्त के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।


