– आरोपी विवेकदास पर था 10 हजार का ईनाम
– आरोपी को पकड़ने यूपी से पश्चिमी बंगाल तक दौड़ी पुलिस
न्यूज एंड नॉक संवाददाता, गदरपुर। पुलिस ने नाबालिग के अपहरण व दुष्कर्म (पोक्सो) के मामले में लंबे समय से फरार 10 हजार के इनामी अभियुक्त विवेक दास को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने दो हजार किलोमीटर तक लगातार पीछा कर कई राज्यों में दबिश देकर, मोबाइल सर्विलांस व तकनीकी प्लेटफॉर्म के माध्यम से अभियुक्त की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद उसे रामपुर हेलवारा, पोस्ट-सरारासी, निर्माणाधीन एनएच, अयोध्या के पास से दबोच लिया गया।
19 मई को थाने में एक व्यक्ति ने विवेक दास निवासी ग्राम पिपलिया नम्बर-01, गदरपुर के खिलाफ लड़की के अपहरण और दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने थाना पुलिस को पीड़िता की तत्काल बरामदगी एवं अभियुक्त की गिरफ्तारी के सख़्त निर्देश दिए थे। अभियुक्त पर 10 हजार का इनाम घोषित किया था।
पुलिस ने आधुनिक तकनीक का प्रयोग करते हुए अभियुक्त की लोकेशन अयोध्या में ट्रेस की थी। अभियुक्त अयोध्या से फरार होकर पश्चिम बंगाल व बांग्लादेश बॉर्डर क्षेत्र में भी छिपा था। इसके बाद 27 दिसंबर को पुलिस टीम ने दबिश देकर अभियुक्त को अयोध्या से गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त एक शातिर किस्म का अपराधी है। उसके विरुद्ध पूर्व में न्यायालय से NBW व कुर्की वारंट भी जारी हो चुके थे। अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है।

