– नीतिगत मांगें शासन को भेजने का आश्वासन
– स्थानीय समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रूद्रपुर। कलेक्ट्रेट परिसर गेट पर पिछले दो दिनों से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे किसानों से बातचीत करने अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय खुद धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने किसानों से सीधा संवाद कर उनके मांग-पत्र पर विस्तार से चर्चा की और प्रशासनिक स्तर पर हर संभव मदद का भरोसा दिलाते हुए धरना समाप्त करने का अनुरोध किया।
शनिवार को किसानों के मांग-पत्र पर चर्चा करते हुए अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ज्ञापन में शामिल कई मुद्दे नीतिगत हैं। जिला स्तर पर इन पर निर्णय लेना संभव नहीं है, इसलिए नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई के लिए इन मांगों को शासन स्तर पर प्रेषित किया जाएगा। किसानों ने बिजली, भूमि प्रबंधन और व्यक्तिगत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। एडीएम ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए किसानों से समाधान के लिए सुझाव भी मांगे और अपनी ओर से विभागीय विकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर हल होने वाली समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए जा रहे हैं।
एडीएम ने कहा कि प्रशासन किसानों की समस्याओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने किसानों से आपसी समन्वय और संवाद के जरिए आगे बढ़ने का आग्रह करते हुए धरना समाप्त करने की अपील की। किसान संवाद के दौरान अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय के साथ गन्ना आयुक्त टी.एस. मार्टोलिया, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, ऋचा सिंह, गौरव पांडे, मुख्य कृषि अधिकारी वी.के. यादव और विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता समेत कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।




