सावधान! क्रेडिट कार्ड अपडेट के नाम पर व्हाट्सएप पर आ रही है फ्रॉड की घंटी

Share News

रुद्रपुर के युवक से 1,79,985 रूपये की ठगी

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। साइबर ठगों ने एक युवक को अपना शिकार बनाते हुए उसके क्रेडिट कार्ड से करीब 1 लाख 79 हजार 985 रुपये उड़ा लिए। ठगों ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर युवक के फोन पर एक फर्जी APK फाइल भेजी और मोबाइल का एक्सेस लेकर इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार, आवास विकास, रुद्रपुर निवासी शंकर शील ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, कुमाऊं परिक्षेत्र में तहरीर देकर बताया कि 2 मार्च को उनके पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को SBI क्रेडिट कार्ड विभाग का कर्मचारी ‘सुरेश’ बताया। उसने झांसा दिया कि शंकर का क्रेडिट कार्ड बंद होने वाला है और इसे चालू रखने के लिए एक एप्लीकेशन डाउनलोड करनी होगी।

ठग ने पीड़ित के व्हाट्सएप पर ‘SBI.Credit Card.Apk’ नाम की एक फाइल भेजी, जिस पर बैंक का लोगो लगा था। जैसे ही पीड़ित ने उस फाइल को डाउनलोड कर अपनी कार्ड डिटेल्स और CVC नंबर दर्ज किया, ठगों ने उनके मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लिया। कुछ ही देर में पीड़ित के खाते से ₹79,998 और ₹99,987 के दो ट्रांजेक्शन हो गए।

धोखाधड़ी का अहसास होने पर उसने तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


Share News

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *