रुद्रपुर में हनीट्रैप का शिकार हुआ युवक, वीडियो बनाकर मांगे 8 लाख

बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर (उधम सिंह नगर): ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र से हनीट्रैप का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यूपी के रामपुर निवासी एक युवक को दोस्ती के जाल में फंसाकर न केवल बंधक बनाया गया, बल्कि अश्लील वीडियो बनाकर उससे 8 लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी गई। विरोध करने पर आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट की और उसके पास मौजूद नकदी लूट ली। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रॉन्ग कॉल से शुरू हुआ दोस्ती का खेल

​पीड़ित मनोज कुमार निवासी इंद्रप्रस्थ कॉलोनी, रामपुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अक्टूबर में उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से मिस कॉल आई थी। उन्होंने वापस कॉल किया, तो एक युवती ने फोन उठाया। बाद में उसने मैसेज कर अपना नाम ‘नेहा’ बताया। अगले कुछ दिनों तक गुड मॉर्निंग के मैसेज और बातचीत का सिलसिला चलता रहा, जिससे दोनों के बीच दोस्ती हो गई।

आरोपी युवती ने मनोज को पहले काशीपुर और फिर 19 नवंबर 2025 को रुद्रपुर मिलने के लिए बुलाया। जब मनोज रुद्रपुर के दक्ष चौराहे पहुंचे, तो वहां उन्हें पिंकी और जोहरा (नेहा) नाम की दो युवतियां मिलीं। युवतियां उन्हें यह कहकर एक घर में ले गईं कि वहां कोई नहीं है। वह घर पहुँचने के कुछ देर बाद जब वॉशरूम गया, तो आरोपियों ने उसे कमरे में बंद कर दिया। इस दौरान दीपक कश्यप नाम का युवक अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया। आरोपियों ने मनोज को बंधक बनाकर उसके हाथ बांध दिए और जबरन युवती के साथ उसका अश्लील वीडियो शूट कर लिया।

8 लाख की डिमांड और मारपीट

उससे ​वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपियों ने क्यूआर कोड के जरिए 8 लाख रुपये की मांग की। जब मनोज ने पैसे देने में असमर्थता जताई तो उसे डंडों और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा गया। डरा-धमकाकर आरोपियों ने उसके पर्स से 14,500 रुपये छीन लिए और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद वह गहरे सदमे में था और लोक-लाज के डर से रिपोर्ट दर्ज कराने की हिम्मत नहीं जुटा सका। मानसिक स्थिति ठीक होने पर अब उसने ट्रांजिट कैंप थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement