नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य पहुंचे थे ठुकराल के घर, मीना शर्मा हुई आहत
न्यूज एंड नाॅक ब्यूरो, रूद्रपुर। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल की कांग्रेस में एंट्री की चर्चाओं के बीच बड़ा सियासी घमासान शुरू हो गया है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने ठुकराल के घर पहुंचकर उनकी बीमार मां का हाल जाना और ठुकराल परिवार से पुराना रिश्ता बता दिया। इसके बाद ठुकराल के खिलाफ मोर्चा खोले पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा ने पूरे घटनाक्रम को तकलीफदेह करार देते हुए ठीकरा जिलाध्यक्ष के सिर फोड़ दिया। इससे कांग्रेस के भीतर ही ठुकराल को लेकर विवाद गहरा गया है।
दरअसल, ठुकराल कांग्रेस में एंट्री को लेकर आतुर हैं। उनकी पार्टी के लगभग सभी बड़े नेताओं से बातचीत हो चुकी है। ऐन वक्त पर कथित आपत्तिजनक आॅडियो को लेकर मीना शर्मा उनके खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। इस मामले में वे ठुकराल पर मुकदमा तक दर्ज करा चुकी हैं। इसी विवाद के चलते ठुकराल की मां की तबीयत बिगड़ी थी और उनको अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। तब कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़, गदरपुर विधायक अरविंद पांडेय, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा सहित तमाम नेता अस्पताल में उनका हालचाल जानने पहुंचे थे।
मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हरेंद्र सिंह लाडी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा, महानगर अध्यक्ष ममता रानी, सीपी शर्मा अचानक ठुकराल के घर पहुंचे थे। यहां यशपाल और लाडी ने ठुकराल की मां का हाल जाना था। इस दौरान ठुकराल की एंट्री के सवाल पर यशपाल ने कहा था कि इसका फैसला हाईकमान करेगा। ठुकराल ने पार्टी में कोई बात नहीं रखी है। यशपाल के ठुकराल के घर पर जाने से मीना शर्मा आहत हो गई। उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा ने उनको नेता प्रतिपक्ष के रूद्रपुर आने की सूचनातक नहीं दी। वे ठुकराल के खिलाफ कोतवाली में धरने पर बैठी थीं तब भी गाबा ने उनको फोनतक नहीं किया। आज उस व्यक्ति के घर पार्टी नेताओं कोलेजाया जा रहा, जिसने पार्टी की समर्पित कार्यकर्ता के चरित्रहनन करने का काम किया। इस पूरे घटनाक्रम से पार्टी में ठुकराल को लेकर मनमुटाव बढ़ गया है। ठुकराल की एंट्री कब होगी, यह साफ नहीं है मगर एंट्री अब हालिया परिस्थितियों को देखते हुए आसान भी नहीं है।
रूद्रपुर में कांग्रेस को खत्म करने वाला है ठुकराल
पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा ने कहा कि ठुकराल ने रूद्रपुर में हिंदु-मुस्लिम का बीज बोया और शहर की शांत फिजा में जहर घोलने काम किया। रूद्रपुरमें कांग्रेस को खत्म करने वाला ठुकराल है

। वे जिलाध्यक्ष के रवैये से आहत हैं। उनको नेता प्रतिपक्ष के रूद्रपुर आने की सूचना नहीं दी गई। वे एंट्री रोकना नहीं चाहती मगर ठुकराल से टकराव के बावजूद पार्टी नेता उनके घर आए, यह तकलीफदेह है।
ठुकराल बोले, मीना के लिए कुछ नहीं कहना चाहता
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि कांग्रेस जिलाध्यक्ष काअचानक फोन आया कि यशपाल जी उनके घर आ रहे हैं। नेताजी कार्यकर्ता और आमजनमानस की भावनाओं को समझते हैं। वे उनकी मां का हाल जानने आए थे। कहा कि वे एक शब्द भी मीना शर्मा के खिलाफ नहीं बोल रहे हैं।उनकी मीना शर्मा से कोई ईर्ष्या नहीं है।

