रुद्रपुर में रिंग रोड पर भ्रष्टाचार के आरोप हुए हवाई

Share News

महापौर का पूर्व विधायक पर मदारी-डमरू वाला करारा तंज

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर।  रिंग रोड परियोजना पर हो रही राजनीति के बीच शुक्रवार को महापौर विकास शर्मा ने विवादित स्थल का औचक निरीक्षण किया। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के हाइवे के किनारे धंसने और टूटने के दावों को महापौर ने झूठ का पुलिंदा और जनता को भ्रमित करने वाला प्रोपगेंडा करार दिया। उन्होंने ठुकराल को एक ऐसा मदारी बताया जो डमरू बजाकर शहर का विकास रोकने की कोशिश कर रहा है।

शुक्रवार की अपराह्न महापौर ने एनएचएआई (NHAI) के साइड इंजीनियर तुषार गुप्ता के साथ रिंग रोड का निरीक्षण किया। उन्होंने उस जगह को देखा,जहां पर ठुकराल ने सड़क टूटने का आरोप लगाया था।

साइड इंजीनियर ने स्पष्ट किया कि मुख्य सड़क के ढांचे या डामरीकरण में कोई नुकसान नहीं हुआ है। हालिया बारिश के कारण किनारे की कच्ची मिट्टी का थोड़ा रिसाव हुआ था, जिसे सड़क का टूटना बताया जा रहा हैं। कहा कि सड़क उच्च मानकों के साथ बन रही है और इसकी 15 साल की गारंटी है।

महापौर विकास शर्मा ने सख्त तेवर में कहा कि शहर में एक मदारी सक्रिय है जो डमरू बजाकर सुर्खियां बटोरना चाहता है, लेकिन रुद्रपुर की जनता अब जागरूक है। 1100 करोड़ की इस ऐतिहासिक योजना पर कीचड़ उछालने वालों को ठोककर’ जवाब दिया जाएगा। महापौर ने ठुकराल के 15 साल के कार्यकाल (विधायक व नगर पालिका अध्यक्ष) पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो खुद शहर को बड़ी उपलब्धि नहीं दे पाए, वे आज मोदी-धामी सरकार के विकास कार्यों में मीनमेख निकाल रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि सरकार ‘जीरो टॉलरेंस ऑन करप्शन’ पर काम कर रही है और रिंग रोड का भव्य उद्घाटन जल्द होगा।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *