रूद्रपुर को मिलेगी मिनी बाईपास की बड़ी सौगात

(पॉजिटिव न्यूज)

उद्यान विभाग से आदर्श कालोनी तक दशकों से बंद पड़े मार्ग को खोलने की कवायद

महापौर ने राजस्व और निगम की टीम के साथ किया सर्वे

न्यूज एंड नॉक संवाददाता, रुद्रपुर। नगर के नियोजित विकास और यातायात की सुगम व्यवस्था को लेकर महापौर विकास शर्मा के प्रयासों से निकट भविष्य में शहरवासियों को एक नए ‘मिनी बाईपास’ मार्ग की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। इससे न केवल शहर की एक बड़ी आबादी का आवागमन सुगम होगा।बल्कि वर्षों पुरानी वह समस्या भी हल होगी

दरअसल, नैनीताल हाईवे से उद्यान विभाग होते हुए आदर्श कॉलोनी घास मंडी तक जो मार्ग दशकों से बंद पड़ा था, उसे अब जनहित में खोलने की प्रशासनिक कवायद शुरू हो गई है। महापौर विकास शर्मा ने राजस्व विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम के साथ स्वयं मौके पर पहुंचकर इस बंद पड़े मार्ग का गहन स्थलीय निरीक्षण किया और सर्वे की बारीकियों को समझा। महापौर ने इस दौरान मौके पर मौजूद नगर निगम के अधिकारियों और तहसील प्रशासन को  इस मार्ग को खोलने की प्रक्रिया में आ रही सभी बाधाओं को तत्काल दूर करने।के।निर्देश दिए।

महापौर विकास शर्मा ने बताया कि नैनीताल हाईवे से आदर्श कॉलोनी, इंदिरा कॉलोनी, बंगाली कॉलोनी, भूरारानी, सिंह कॉलोनी, मलिक कॉलोनी और शांति विहार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को जोड़ने वाला यह मार्ग आतंकवाद के दौर से ही सुरक्षा कारणों या अन्य परिस्थितियों के चलते बंद पड़ा था। उन्होंने कहा कि कागजों में यह मार्ग आज भी सार्वजनिक मार्ग के रूप में दर्ज है और इसके खुलने से शहर की एक बहुत बड़ी आबादी को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा। इस बंद पड़े मार्ग के खुलने से हजारों की आबादी को एक बेहतरीन मिनी बाईपास का विकल्प मिल जाएगा

इस मार्ग का सर्वे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के उस विजन का हिस्सा है जिसके तहत रुद्रपुर को एक आधुनिक और सुव्यवस्थित शहर के रूप में विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में रुद्रपुर वासियों को जल्द ही इस मिनी बाईपास मार्ग की नई सौगात समर्पित की जाएगी। इस योजना के पूर्ण होने पर पीएसी कैंपस के सामने अटरिया मोड़ पर एक नया आकर्षक चौक भी विकसित हो जाएगा। यह मार्ग आदर्श कॉलोनी से उद्यान विभाग के भीतर से होते हुए सीधे हाईवे को जोड़ेगा और आगे चलकर यह रास्ता जगतपुरा रोड से भी मिल जाएगा। इसकी उपयोगिता यहीं समाप्त नहीं होती, बल्कि यह मार्ग आगे सिडकुल, फुलसुंगा और दक्ष चौक होते हुए बिगवाड़ा में पुनः किच्छा मार्ग हाईवे से जुड़ जाएगा। इस प्रकार यह मार्ग शहर के दो प्रमुख नेशनल हाईवे को आपस में जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण लाइफलाइन के रूप में कार्य करेगा।

 

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement