पीड़ित ने एसएसपी से की तांत्रिक की शिकायत, जमीन में गढ़ी माया का दिया था झांसा
रुद्रपुर। बाजपुर निवासी एक व्यक्ति अपनी बीमार मां को तंत्र मंत्र से ठीक कराने के चक्कर में तांत्रिक के झांसे में आ गया। तांत्रिक ने उससे दो लाख आठ हजार रूपये ठग लिए और अब उसे परिवार सहित तांत्रिक शक्ति से मरवाने को धमकी दे रहा है। पीड़ित ने एसएसपी को शिकायती पत्र सौंपकर आरोपी पर कार्रवाई की मांग की है।
बाजपुर के एक गांव में रहने वाले विनोद ने एसएसपी मणिकांत मिश्रा को बताया कि उसकी माता काफी लम्बे समय बीमार चल रही है। कई डॉक्टरों को दिखाने के बाद भी वह ठीक नहीं हो पाई है। इस कारण वह और उसका परिवार काफी परेशान हो गया था। एक माह पहले माह रुद्रपुर के रहने वाले अली से उसका सम्पर्क हुआ था। उसने झाड़ फूंक कर माताजी को सही करने की बात कही थी। उसने उसके घर में दबी माया निकालने पर ही माताजी के ठीक होने की बात कही थी। अली माया निकलने और झाड़ फूंक करने के लिए उससे 2,08,000 रुपये ले चुका है। कई दिन बीतने के बाद उससे 1,05,000 रुपये की और मांग करने लगा। उसने रुपए देने से इनकार किया तो वह घर में तांत्रिक शक्ति से लोगो को मरवाने की धमकी देने लगा। इस पर उसे ठगे जाने का एहसास हुआ था।
अली ने उसे रूपये वापस नहीं करने और बात नहीं मानने पर घर वालों को अपनी तांत्रिक शक्ति से मारने की धमकी दी है। एसएसपी ने मामले की जांच कर आरोपी पर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है।

