पैकेजिंग की महंगी मशीन दिखा हड़पे 1.08 करोड़ रुपये, पिता-पुत्र पर मुकदमा दर्ज

– अमृतसर, पंजाब के रहने वाले हैं आरोपी

– असली मशीन दिखाकर थमा दिए नकली पार्ट्स, पीड़ित को लगी 16 लाख की और चपत

न्यूज़ एंड नॉक संवाददाता

रुद्रपुर। शिमला पिस्तौर स्थित एक कारोबारी को पैकेजिंग प्लांट की महंगी और असली मशीन दिखाकर 1.08 करोड़ रुपये हड़पने का आरोप लगा है। पुलिस ने अदालत के आदेश पर पंजाब निवासी पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिमला पिस्तौर स्थित निशांत प्रिंट पैक सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि सुभाष सिंह ने बताया कि उनकी कंपनी पैकिंग व गत्ता निर्माण का काम करती है। जुलाई 2019 में खुद को मैसर्स सीनियर पैकेजिंग मशीनरी मैन्युफैक्चरिंग कंपनी का मालिक बताने वाले गगनदीप सिंह और उनके पिता जसबीर सिंह निवासी अमृतसर, पंजाब ने उनसे संपर्क किया। उन्होंने अपनी पैकेजिंग प्लांट की असली और महंगी मशीनों को बेचने का प्रस्ताव रखा। बातचीत के बाद 25 फरवरी 2020 को 1.08 करोड़ रुपये में सौदा तय हो गया।

जब मशीनों के पार्ट्स को रुद्रपुर स्थित कंपनी में इंस्टॉल करना शुरू किया गया तो कई महत्वपूर्ण पार्ट्स गायब मिले। आरोपियों ने पार्ट्स देने का आश्वासन दिया, लेकिन मजबूरी में पीड़ित कंपनी को 16 लाख रुपये के अतिरिक्त पार्ट्स खुद खरीदने पड़े। कुछ समय बाद ही मशीनें बार-बार खराब होने लगीं। तकनीकी जांच कराने पर खुलासा हुआ कि आरोपियों ने असली मशीनों के बजाय घटिया और नकली पार्ट्स बेचे थे। इतना ही नहीं, खरीद ऑर्डर के सभी उपकरण भी फर्जी पाए गए।

यह भी सामने आया कि आरोपी पिता-पुत्र आदतन ठगी का काम करते हैं। जब पीड़ित कारोबारी ने अपने 1.08 करोड़ रुपये वापस मांगे, तो आरोपियों ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां देनी शुरू कर दीं। स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने पर पीड़ित ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अब कोर्ट के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement