


मुक्तेश्वर का युवक रुद्रपुर में चरस के साथ गिरफ्तार
सिडकुल की एक कंपनी में काम करता है आरोपी
न्यूज एंड नॉक संवाददाता, रुद्रपुर।
ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने चरस बेचने जा रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास बड़ी मात्रा में चरस बरामद हुई है। आरोपी सिडकुल की एक कंपनी में काम करता है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया है।
रविवार को एसआई प्रकाश चंद्र की अगुवाई में टीम ने फुलसूंगा चौराहे से लगभग 200 मीटर पहले संदिग्ध रूप से पैदल आ रहे एक युवक को रोका। उसने अपना नाम अनिल कुमार निवासी ग्राम- नरतोला, थाना-मुक्तेश्वर, जिला नैनीताल बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 803 ग्राम चरस बरामद हुई।
आरोपी ने बताया कि वह सिडकुल की एक कंपनी में काम करता है। कुछ दिन पहले वह छुट्टियों में घर गया था और वहां उसने भांग के पौधों से चरस तैयार की थी। वह चरस बेचने के लिए जा रहा था। पुलिस ने उसे अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

