


– मतदाता सूची से नाम काटने का बड़ा षड्यंत्र का आरोप
– पूर्व एमएलए ठुकराल ने एसडीएम कार्यालय पर दिया धरना
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रूद्रपुर। विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के सत्यापन प्रक्रिया के दौरान फर्जी आपत्तियां दर्ज कराकर वास्तविक मतदाताओं के नाम काटने का एक गंभीर मामला सामने आया है। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी, ऊधमसिंह नगर को पत्र लिखकर राजनीतिक साजिश के तहत वोटरों के अधिकार छीनने का आरोप लगाया है। उन्होंने एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना भी दिया।
पूर्व विधायक ठुकराल ने आरोप लगाया कि एक खास राजनीतिक दल द्वारा षड्यंत्र रचकर वर्षों से निवास कर रहे वास्तविक निवासियों और मतदाताओं के वोटों पर फर्जी तरीके से आपत्तियां लगाई जा रही हैं। उन्होंने खुलासा किया कि मैं 10 बार जन प्रतिनिधि रहा हूँ और मेरी माताजी (श्रीमती दर्शना रानी) जीवित हैं, लेकिन षड्यंत्रकारियों ने उनके नाम पर भी फर्जी आपत्ति दर्ज करवा दी है। जब संबंधित लोगों से बात की गई तो उन्होंने साफ इंकार किया कि उनके द्वारा कोई आपत्ति नहीं दी गई है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि किसी ने उनके फर्जी नाम व दस्तखत का इस्तेमाल किया है।
उनका आरोप है कि छल-प्रपंच करने वाले गिरोह द्वारा एक ही स्थान और एक ही कंप्यूटर का उपयोग करके विभिन्न लोगों के नामों से फर्जी आपत्तियां दाखिल की जा रही हैं। सवाल उठाया गया है कि क्या कोई एक व्यक्ति 5 से अधिक आपत्तियां दर्ज करा सकता है? क्या आपत्ति दर्ज कराने वाले व्यक्ति ने कोई ठोस साक्ष्य प्रस्तुत किए हैं? कहा कि 3, 4 और 5 अगस्त 2026 को लगाई गई बेबुनियाद आपत्तियों को अब तक बीएलओ के पास जांच हेतु नहीं भेजा गया है, जिससे उनका नियमित कार्य बाधित हो रहा है। वास्तविक निवासियों को फर्जी तरीके से अनुपस्थित दर्शाकर लोकतंत्र के मूल्यों का हनन किया जा रहा है।
पूर्व विधायक ने मांग की है कि किसी भी मतदाता के वोट पर आपत्ति लगाने वाले व्यक्ति को निर्वाचन अधिकारी या उनके अधीनस्थ अधिकारियों के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित कराया जाए। इस पूरे दूषित षड्यंत्र और साजिश का पर्दाफाश करने के लिए निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए। रुद्रपुर विधानसभा के जनसामान्य के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की जाए। उन्होंने पत्र की प्रतिलिपि मुख्य निर्वाचन अधिकारी (उत्तराखंड, देहरादून), अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), उपजिलाधिकारी रुद्रपुर, और तहसीलदार रुद्रपुर को भी आवश्यक कार्यवाही के लिए भेजी है।

