
पुलिसकर्मियों के लिए गाया गाना
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, भवाली। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम (Kainchi Dham) में सुप्रसिद्ध बॉलीवुड गायक विशाल मिश्रा ने पहुंचकर बाबा नीम करौली के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। उन्होंने न केवल आध्यात्मिक शांति का अनुभव किया, बल्कि उत्तराखंड की सुव्यवस्थित यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की भी जमकर सराहना की।
पुलिसकर्मियों का बढ़ाया उत्साह
कैंची धाम के दर्शन के बाद विशाल मिश्रा ने वहां तैनात पुलिस बल के अनुशासित व्यवहार की प्रशंसा की। उन्होंने पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने के लिए अपने लोकप्रिय गीत “संदेशे आते हैं…” की कुछ पंक्तियां गाकर समां बांध दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन के समर्पण के कारण ही देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन हो पा रहे हैं।
मुख्यमंत्री धामी और प्रशासन की तारीफ
गायक विशाल मिश्रा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और सुगम पर्यटन व्यवस्थाओं को सराहा। उन्होंने कहा कि नैनीताल की वादियां और कैंची धाम का आध्यात्मिक वातावरण हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करता है। उन्होंने सभी से अपील की कि जीवन में एक बार बाबा के इस पावन धाम के दर्शन जरूर करें।


