वनाग्नि बुझाते वक्त खाई में गिरा वन कर्मी, मौत

Share News

सुरक्षा उपकरणों के अभाव में गई जान, अस्पताल में भारी हंगामा

न्यूज एंड नॉक डेस्क, नैनीताल। बिड़ला चुंगी क्षेत्र में शुक्रवार को जंगल की आग बुझाते समय एक बड़ा हादसा हो गया। वन विभाग के एक दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी की पहाड़ी से फिसलकर गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में वन विभाग के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश है। ग्रामीणों ने अस्पताल में जमकर हंगामा करते हुए विभाग पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह बिड़ला चुंगी के पास के जंगलों में भीषण आग लग गई थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम में शामिल बिड़ला निवासी आनंद राम आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे, तभी ढलान वाले क्षेत्र में पैर फिसलने के कारण वह अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गए। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि आनंद के पास न तो हेलमेट था और न ही कोई फायर सूट या सुरक्षा किट। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण वह मौके पर ही बेहोश हो गए। स्थानीय लोग आनंद को तुरंत 108 एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौत की खबर सुनते ही पूर्व सभासद दीपक कुमार भोलू समेत कई सभासद और ग्रामीण बीडी पांडे अस्पताल पहुंच गए। लोगों ने वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और आरोप लगाया कि गरीब दैनिक कर्मियों को मौत के मुंह में बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के भेजा जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार के लिए उचित मुआवजे और लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

वन क्षेत्राधिकारी ललित कार्की ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मौके पर मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है और सुरक्षा मानकों की कमी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *