


जमीन विवाद में चली थी गोली, लाइसेंसी रिवॉल्वर और कारतूस बरामद
मुख्य आरोपी सहित 2 गिरफ्तार, एक किशोर संरक्षण में
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, गदरपुर। थाना क्षेत्र के ग्राम बकैनिया में हुए जघन्य हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुला कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सर्वजीत सिंह और रविशंकर उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवॉल्वर और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
दरअसल, 29 मार्च को ग्राम बकैनिया निवासी सर्वेश्वर सिंह की उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक की पत्नी उर्मिला सिंह ने तहरीर देकर बताया था कि जमीन विवाद के चलते रंजिशन सर्वजीत सिंह, रविशंकर और अन्य ने उनके पति पर रिवॉल्वर से फायरिंग कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने बीएनएस (BNS) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी अजय गणपति ने टीम गठित कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के नेतृत्व में पुलिस ने अभियुक्तों के मोबाइल लोकेशन ट्रैक की और सीसीटीवी फुटेज से हत्यारों के भागने का रूट मैप तैयार किया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कुईखेड़ी तिराहे (सकैनिया क्षेत्र) के पास दबिश देकर दोनों नामजद अभियुक्तों को दबोच लिया। घटना में शामिल एक विधि विवादित किशोर को भी पुलिस ने नियमानुसार संरक्षण में लिया है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल .32 बोर की लाइसेंसी रिवॉल्वर, एक खोखा कारतूस और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मुख्य आरोपी सर्वजीत सिंह पर आर्म्स एक्ट की धाराएं भी लगाई गई हैं। पुलिस अब इस मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

