
तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर (JJ कॉलोनी) में होली के दिन हुए विवाद में तरुण की पीट-पीटकर हत्या के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली नगर निगम (MCD) ने मुख्य आरोपी निजामुद्दीन के घर के अवैध हिस्से को बुलडोजर से ढहा दिया है। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
घटना का विवरण:
यह मामला होली के दिन का है। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर स्थित जेजे कॉलोनी में तरुण (26 वर्ष) अपने परिवार के साथ रहता था। चश्मदीदों के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक छोटी बच्ची द्वारा पानी का गुब्बारा फेंकना से हुई थी ।गुब्बारा फेंकने को लेकर तरुण के परिवार और पड़ोस में रहने वाले निजामुद्दीन के परिवार के बीच तीखी बहस हुई थी। बहस देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई थी। आरोप है कि निजामुद्दीन और उसके साथियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से तरुण और उसके परिवार पर हमला कर दिया था।
मौत: तरुण को बुरी तरह पीटा गया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। उसे तुरंत नजदीकी डीडीयू (DDU) अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कार्रवाई: इस मामले में अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने मामले में SC/ST एक्ट और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत भी धाराएं जोड़ी हैं। घटना के बाद से ही इलाके में तनाव का माहौल है। प्रदर्शनकारियों ने इंसाफ की मांग को लेकर हंगामा भी किया, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।


