रुद्रपुर में वारदात से हड़कंप, पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
– आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। क्षेत्र में इंटरमीडिएट की छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल जाते समय रास्ते में मिले परिचित युवक ने उसे स्कूल छोड़ने के बहाने बाइक पर बैठाया और सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता पंतनगर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है और रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक कॉलेज में इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रही है। आरोप है कि वह रोज की तरह सुबह पैदल स्कूल जा रही थी। इसी दौरान शांतिविहार कॉलोनी मार्ग पर उसे बाइक सवार एक परिचित युवक मिला। आरोप है कि युवक उसे स्कूल छोड़ने का बहाना बनाकर बाइक पर बैठाकर ले गया। इसके बाद डराने-धमकाने के बाद सड़क किनारे एक सुनसान स्थान पर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
सूचना मिलने पर एसएसआई महेश कांडपाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। सीओ सदर विभव सैनी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। उसके पीड़िता के गांव का ही रहने वाला होने की जानकारी मिली है।




