


जम्मू-कश्मीर तक जुड़े हैं तस्करों के तार
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। एसओजी और सितारगंज पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो शातिर तस्करों को भारी मात्रा में हथियारों और कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों अभियुक्तों के आतंकी कनेक्शन होने की आशंका जताई जा रही है। अभियुक्त हथियारों की जम्मू-कश्मीर में सप्लाई करते थे।
पुलिस के अनुसार आठ अप्रैल को सिडकुल फेज-2 क्षेत्र में चेकिंग के दौरान टीम ने एक बिना नंबर की सफेद स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया। कार सवारों ने भागने की कोशिश की लेकिन कच्ची राह में कार फंसने के कारण पुलिस ने घेराबंदी कर हरेन्द्र सिंह उर्फ हनी पुत्र इन्द्रपाल सिंह, निवासी बिरिया फार्म सिसैया, कोतवाली सितारगंज, निखिल वर्मा उर्फ रानू पुत्र रमेश चन्द्र, निवासी केशवनगर, सितारगंज को दबोच लिया। तलाशी लेने पर कार से हथियारों का जखीरा बरामद हुआ। तस्करों के कब्जे से 02 पोनिया बंदूक (12 बोर), 01 रिवॉल्वर (32 बोर), 02 तमंचे, 344 कारतूस (जिंदा और खोखा) बरामद किए। कार में नंबर नहीं था।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। दोनों के खिलाफ सितारगंज कोतवाली में पहले से ही 5-5 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क के मुख्य संचालकों, इन्द्रजीत संधू और पवन संधू की तलाश में दबिश दे रही है।

