हार्न बजाने पर भड़के दबंग, मां के सामने बेटे को रॉड से लहूलुहान किया

Share News

बीमार मां को डॉक्टर के पास ले जा रहा था बेटा

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। गांधी कॉलोनी निवासी एक युवक पर उस समय जानलेवा हमला किया गया, जब वह अपनी बीमार मां को डॉक्टर के पास ले जा रहा था। हमलावरों ने बीच सड़क पर कार रोककर युवक को बुरी तरह पीटा और फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

जानकारी के मुताबिक, वार्ड-27 गांधी कॉलोनी निवासी भूपेंद्र सिंह 15 मार्च को अपनी कार (UK 06 AX 2169) से बुजुर्ग मां रजना कौर को दवाई दिलाने जा रहे थे। रास्ते में सुधीर उर्फ छोटू अपने साथियों और एक पिटबुल कुत्ते के साथ सड़क के बीच में खड़ा था। भूपेंद्र द्वारा हार्न बजाने पर दबंगों ने रास्ता नहीं दिया। जब वह दवा लेकर वापस लौट रहा था, तब आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से उसे घेर लिया।

पीड़ित के अनुसार, सुधीर, उज्जवल, आकाश, शोभित और मोहित ने एक राय होकर कार पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने न केवल कार में तोड़फोड़ की, बल्कि भूपेंद्र पर स्टील की रॉड से ताबड़तोड़ वार किए। लहूलुहान हालत में भूपेंद्र सड़क पर गिर पड़ा, जबकि उसकी मां हमलावरों के सामने रहम की भीख मांगती रही।

चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी मौके से भाग निकले। सूचना मिलते ही पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर नामजद अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *