
हल्द्वानी/कालाढूंगी _ नैनीताल जिले के कालाढूंगी थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते मारपीट और फायरिंग की सनसनीखेज घटना को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, एक तमंचा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। सभी अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
14 फरवरी 2026 की रात डायल 112 के माध्यम से चौकी बेलपड़ाव को सूचना मिली कि हल्द्वानी रोड स्थित बैलपोखरा गांव जाने वाले तिराहे के पास कुछ लोगों के बीच विवाद के बाद फायरिंग हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। हालांकि घटनास्थल पर कोई व्यक्ति नहीं मिला, लेकिन पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर वीडियोग्राफी कराई और खोखे बरामद किए। 16 फरवरी को बलजीत कौर पत्नी लवप्रीत सिंह, निवासी बच्चीनगर कालाढूंगी की तहरीर पर नामजद आरोपियों — रंजीत सिंह, मनदीप सिंह उर्फ मंगा, गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी तथा एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। आज पुलिस ने गडप्पू बैरियर के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने मौके पर पहुंचकर गाली-गलौज, मारपीट और फायरिंग की थी। पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धाराओं में भी मुकदमा दर्ज किया है।
सराहनीय कार्य के लिए एसएसपी ने पुलिस टीम को 1,500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया है।


