


गदरपुर में हुई मुठभेड़, तस्कर के पैर पर लगी गोली
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, गदरपुर। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान शातिर अपराधी और नशा तस्कर शाकिर अली उर्फ ‘नक्टा’ को गिरफ्तार किया है। उसके पैर में गोली लगी है और पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात चेकिंग के दौरान ग्राम कलकत्ती खानपुर तिराहा पर अभियुक्त शाकिर ने पुलिस टीम को देखते ही उन पर जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया और भागने की कोशिश की। पुलिस ने घेराबंदी कर जवाबी कार्रवाई की, जिसमें शाकिर के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर उपचार हेतु जिला चिकित्सालय रुद्रपुर भेजा गया है। पुलिस ने अभियुक्त के पास से 1 तमंचा 315 बोर, 02 कारतूस और 01 खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके साथ ही उसकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल UK06AX-8981 को जब्त किया है।
मासूम बच्चों से करवाता था स्मैक की तस्करी
अभियुक्त शाकिर अली अपने नाबालिग बच्चों का इस्तेमाल स्मैक (हेरोइन) की तस्करी के लिए कर रहा था। 24 जनवरी 2026 को इसकी पोल तब खुली जब पुलिस ने एक स्कूटी सवार नाबालिग को पकड़ा, जिसकी डिग्गी से भारी मात्रा में नशा बरामद हुआ था। जांच में सामने आया कि शाकिर और उसकी पत्नी शाईन बच्चों के जरिए यह काला कारोबार चला रहे थे।
पेशेवर अपराधी है शाकिर
शाकिर उर्फ नक्टा एक पेशेवर अपराधी है। उस पर हत्या के प्रयास (307 IPC), लूट (392 IPC), गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत 10 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

