Share News

छुट्टी पर घर आए सेना के जवान की हार्ट अटैक से मौत

लेह-लद्दाख में थे तैनात मृतक भवान सिंह

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। छुट्टी पर घर आए सेना के एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में हार्ट अटैक से मौत हो गई। देर रात अचानक सीने में तेज दर्द उठने पर परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना के बाद से सैनिक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, कीरतपुर स्थित एकता विहार निवासी भवान सिंह भंडारी (41) भारतीय सेना की फील्ड रेजीमेंट में लेह-लद्दाख में तैनात थे। वह कुछ दिन पहले ही अवकाश पर अपने घर आए थे। रविवार देर रात करीब तीन बजे उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। परिजन आनन-फानन में उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जवान के निधन की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और शुभचिंतक उनके आवास पर पहुंचे तथा दिवंगत सैनिक को श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भी पोस्टमार्टम हाउस और कीरतपुर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और दुख की इस घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया।

सूचना मिलने पर सेना के अधिकारी भी जवान के आवास पहुंचे और शोक व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। भवान सिंह भंडारी अपने पीछे पत्नी, दो बच्चों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके इस तरह अचानक चले जाने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

 

 


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *