विधायक पुत्र सौरभ बेहड़ मुकदमे में हुआ नामजद

Share News

कथित हमले में खुद ही साजिशकर्ता था सौरभ
पुलिस ने सौरभ के अस्पताल में हुए इलाज की जांच को सीएमओ से किया पत्राचार

न्यूज एंड नॉक संवाददाता, रुद्रपुर। किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के बेटे और पार्षद सौरभ बेहड़ की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुलिस की ओर से नोटिस के बाद हुई पूछताछ के आधार पर सौरभ को मुकदमे में नामजद कर दिया गया है। मुकदमे में आपराधिक षड़यंत्र की धारा 120बी की बढ़ोत्तरी की गई है। पुलिस सौरभ के इलाज की सत्यता जांचने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी को पत्राचार कर रही है।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि पिछले रविवार रात पार्षद सौरभ बेहड़ पर बिना नंबर प्लेट बाइक सवार तीन युवकों ने हमला किया था। जिसमें वह घायल हो गए थे और उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार की रात पुलिस ने सिडकुल रोड से तीन आरोपियों वंश कुमार, बादशाह और दीपक सिंह को गिरफ्तार किया था।
आरोपियों ने बताया था कि उन्होंने आदर्श कॉलोनी निवासी इंदर नारंग के कहने पर हमला किया था। पुलिस ने इंदर नारंग से पूछताछ की तो उसने बताया कि खुद पार्षद सौरभ बेहड़ ने उस पर हमला कराने को कहा था। पार्षद का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था और वह सहानुभूति पाने के लिए खुद पर हमला कराना चाहता था।
इसके बाद पुलिस ने शनिवार को पार्षद सौरभ बेहड़ को आवास विकास चौकी बुलाकर करीब एक घंटे तक पूछताछ की। पुलिस ने बयान और साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में सौरभ बेहड़ को नामजद करते हुए धारा 120बी जोड़ दी गई।

एसएसपी ने बताया कि इलाज करने वाले डॉक्टर, उसे दी गई दवाओं की जांच को मुख्य चिकित्साधिकारी को पत्राचार किया जा रहा है।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *