गदरपुर में नाबालिग बेटे से स्मैक तस्करी करा रहे थे माता-पिता

पुलिस ने स्मैक के साथ नाबालिग को किया गिरफ्तार

आरोपी से नशा तस्करी कराने वाले माता-पिता के विरुद्ध की गई कार्यवाही, दंपती हैं हिस्ट्रीशीटर

न्यूज एंड नॉक संवाददाता, रुद्रपुर। गदरपुर कोतवाली पुलिस व  एसटीएफ की एंटीएफ इकाई ने एक नाबालिग को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी से उसके माता-पिता मादक पदार्थ की सप्लाई करा रहे थे।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि 24 जनवरी की सायं गदरपुर में करतारपुर रोड तिराहे की पुलिया के पास संयुक्त टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक 13 वर्षीय नाबालिग को स्कूटी संख्या UK 06 BF 2291 से आते हुए रोका गया। तलाशी लेने पर स्कूटी की डिग्गी से कुल 112.3 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) बरामद हुई।

पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि यह स्मैक उसे उसके माता-पिता शाईन एवं शाकिर अली उर्फ नक्टा निवासी वार्ड नं० 01, करतारपुर रोड, गदरपुर ने दी थी और उसे पुलिया पर खड़े एक व्यक्ति को सौंपने को कहा था। पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ कि माता-पिता द्वारा अपने ही नाबालिग बच्चे से नशे की तस्करी कराई जा रही थी। जो न केवल अमानवीय है बल्कि संगठित अपराध की श्रेणी में आता है। दंपती के खिलाफ धारा 8/21/60 NDPS Act एवं धारा 95 BNS के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

यह मामला इसलिए भी ऐतिहासिक है क्योंकि जनपद ऊधम सिंह नगर में पहली बार धारा 95 BNS का प्रयोग किया गया है। इसमें बच्चों से अपराध कराना एक गंभीर दंडनीय अपराध माना गया है।

 

पति पर 9 और पत्नी पर दर्ज हैं 6 मुकदमें

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त शाकिर अली उर्फ नक्टा पर पूर्व में 09 मुकदमे तथा उसकी पत्नी शाईन पर 06 मुकदमे दर्ज हैं। दोनों अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी एवं कोतवाली गदरपुर के हिस्ट्रीशीटर हैं। नाबालिग बालक (विधि विवादित किशोर) को किशोर न्याय बोर्ड के प्रावधानों के तहत पुलिस संरक्षण में लिया गया है तथा आगे की विधिक कार्यवाही नियमानुसार की जा रही है।

 

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement