शादी के महज साढ़े तीन महीने बाद ही संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की मौत

Share News

मायके वालों का आरोप: ससुराल पक्ष लगातार दे रहा था शारीरिक और मानसिक यातनाएं

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो 

रुद्रपुर। कोतवाली क्षेत्र में शादी के महज साढ़े तीन महीने बाद ही एक नवविवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। आरोप है कि ससुराल वाले मृतका के पिता की दहलीज पर उसे बेसुध हालत में छोड़कर फरार हो गए। मायके वाले आनन-फानन में बेटी को निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि ससुराल पक्ष लगातार 15 लाख रुपये नगद और बुलेट बाइक लाने का दबाव बना रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मूल रूप से रुद्रपुर की वसुंधरा कॉलोनी के रहने वाले रामवीर सिंह ने अपनी बेटी काजल शर्मा (24) की शादी बीते 18 फरवरी को किच्छा निवासी अजय कुमार के साथ की थी। परिजनों के मुताबिक, शादी के बाद से ही काजल को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा था, जिसके चलते कुछ समय पहले मायके वाले उसे अपने घर ले आए थे।

आरोप है कि दो दिन पहले ही काजल का पति अजय कुमार मायके आया और उसे समझा-बुझाकर अपने साथ ले गया। लेकिन रविवार की शाम को अचानक रामवीर सिंह के पास एक परिचित का फोन आया, जिसने बताया कि कुछ लोग उनकी बेटी काजल को कार से लाकर घर की दहलीज पर छोड़ कर भाग गए हैं और वह बेसुध पड़ी है।

बेटी की हालत की खबर मिलते ही माता-पिता और भाई अपनी नौकरी व काम छोड़कर तुरंत घर पहुंचे। काजल को तड़पता देख परिजन उसे तुरंत एक प्राइवेट अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद काजल को मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतका के पिता रामवीर शर्मा ने ससुराल पक्ष पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि रविवार को हमारे परिवार के सभी लोग ड्यूटी पर गए हुए थे। इसी सूनेपन का फायदा उठाकर दामाद और उसके परिवार वालों ने काजल को पहले जहर दिया और फिर मरने के लिए हमारे घर की दहलीज पर फेंक कर भाग गए। काजल जब भी फोन पर बात करती थी, तो रोते हुए बताती थी कि पति और ससुराल वाले 15 लाख रुपये कैश और एक बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहे हैं। मांग पूरी न होने पर उसे बेरहमी से पीटा जाता था। काजल ने पहले ही आशंका जताई थी कि ससुराल वाले उसकी जान ले।सकते हैं।

एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी ने बताया कि नवविवाहिता की शादी किच्छा में हुई थी। ससुराल पक्ष द्वारा उसे मायके की दहलीज पर छोड़े जाने और संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला पुलिस के संज्ञान में है। फिलहाल किच्छा पुलिस इस पूरे प्रकरण की बारीकी से जांच कर रही है। विवाहिता की मौत जहर से हुई है या किसी अन्य कारण से, इसकी असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *