रुद्रपुर में दहेज की खातिर विवाहिता को रखा भूखा-प्यासा

पति समेत ससुरालियों पर मुकदमा दर्ज

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। थाना ट्रांजिट कैंप इलाके में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता को न केवल बेरहमी से पीटा गया, बल्कि उसे कई दिनों तक भूखा-प्यासा रखकर प्रताड़ित किया गया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति समेत ससुराल पक्ष के कई सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

राजा कॉलोनी निवासी नीलम कुमारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी संतोष कुमार के साथ हुई थी। उसने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद ही पति संतोष शराब पीकर उसके साथ मारपीट करने लगा। विवाहिता का आरोप है कि पति अक्सर दहेज के लिए दबाव बनाता था और कहता था कि मांग पूरी न होने पर अत्याचार जारी रहेगा। यही नहीं, पति ने पीड़िता के सारे जेवरात छीनकर अपनी मां को दे दिए।

पीड़िता ने बताया कि इस उत्पीड़न में उसकी सास तारा देवी, ससुर प्रसादी लाल, जेठ वीरेंद्र कुमार और ननद शिवानी व चांदनी भी पति का साथ देते हैं। बीते दो फरवरी को जब नीलम अपने पति को नाश्ता देने गई, तो उसने अभद्रता शुरू कर दी।

जब इसकी शिकायत सास और जेठ से की गई, तो उन्होंने भी पीड़िता को बेरहमी से पीटा। आरोप है कि इसके बाद उसे घर में भूखा-प्यासा रखकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। ट्रांजिट कैंप पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement