


दो नाबालिग समेत पांच युवतियां रेस्क्यू, संचालिका सहित छह गिरफ्तार
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। एण्टी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने मानव तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने गाबा चौक स्थित ब्यूटी क्वीन स्पा एंड सैलून पर छापेमारी कर देह व्यापार के अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान पुलिस ने दो नाबालिगों समेत 5 युवतियों को रेस्क्यू किया है, जिन्हें मिजोरम से नौकरी का झांसा देकर लाया गया था।
मंगलवार को यूनिट प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह दसौनी के नेतृत्व में टीम ने स्पा सेंटर पर औचक छापा मारा। टीम को मौके से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री, पांच मोबाइल फोन, एक पेमेंट स्कैनर और रिसेप्शन रजिस्टर जब्त किया है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मिजोरम की भोली-भाली लड़कियों को अच्छे काम और मोटी तनख्वाह का लालच देकर रुद्रपुर लाते थे। यहाँ लाने के बाद उन्हें डरा-धमका कर और बंधक बनाकर जबरन देह व्यापार के दलदल में धकेल दिया जाता था।
पुलिस ने मौके से लालनुनसियामी उर्फ किकी (संचालिका) निवासी मिजोरम, मौ0 शेहरियार (संचालिका का पति), निवासी बरेली, एच लालछनहिमा निवासी मिजोरम (हाउस कीपिंग), दीपक सिंह निवासी रुद्रपुर (रिसेप्शनिस्ट), संजय श्रीवास्तव निवासी पीलीभीत (ग्राहक) और लालरमजावी उर्फ निकी निवासी मिजोरम को गिरफ्तार किया।
पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मिजोरम के आइजोल में भी पहले से मानव तस्करी का मुकदमा दर्ज है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उधम सिंह नगर पुलिस मिजोरम पुलिस के निरीक्षक दीपक पाठक के साथ समन्वय बनाकर जांच आगे बढ़ा रही है। फिलहाल आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता, अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम और पॉस्को एक्ट के तहत कड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

