आधी रात को गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा देहरादून

– 25 हजार का इनामी चैन स्नैचर ‘तमंचा’ पैर में गोली लगने से घायल

– बसंत विहार थाना पुलिस ने हरबंसवाला बैरियर के पास की कार्रवाई

– चोरी की स्कूटी, अवैध तमंचा और हाल ही में लूटी गई सोने की चैन बरामद

– 14 अगस्त को बुजुर्ग महिला से दिनदहाड़े की थी स्नैचिंग

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

देहरादून। बसंत विहार थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। हरबंसवाला बैरियर के पास हुई इस मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी और शातिर चैन स्नैचर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान आकाश उर्फ ‘तमंचा’ निवासी शिवाजी एनक्लेव (रायपुर, देहरादून) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की स्कूटी, अवैध असलहा और 14 अगस्त को वृद्धा से लूटी गई सोने की चैन बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार की देर रात बसंत विहार पुलिस टीम हरबंसवाला बैरियर पर सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी पर आ रहे एक संदिग्ध को पुलिस ने रोकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही चालक रुका नहीं और स्कूटी मोड़कर तेजी से टी-स्टेट की तरफ भागने लगा।

संदिग्ध को भागता देख पुलिस टीम ने तत्काल उसका पीछा किया। खुद को घिरता देख शातिर बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से सीधी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में जा लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

घायल बदमाश को पुलिस ने तुरंत प्रेमनगर चिकित्सालय पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे दून जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर आरोपी की स्थिति का जायजा लिया और उससे पूछताछ की।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि पकड़ा गया बदमाश बीते 14 अगस्त को बसंत विहार इलाके में एक वृद्ध महिला से हुई दिनदहाड़े चैन स्नैचिंग की वारदात का मुख्य आरोपी है। इस घटना के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी और उस पर 25 हजार का इनाम भी घोषित था।

आरोपी से एक देसी तमंचा (315 बोर), एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस,  नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी (बिना नंबर, कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी की हुई) बरामद हुई।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement