पिथौरागढ़ के झूलाघाट में खाई में गिरी कमांडर जीप, युवक की मौत 

बोरागांव–बसौड मार्ग पर हुआ हादसा, तीन घायल

न्यूज एंड नॉक डेस्क, पिथौरागढ़। झूलाघाट क्षेत्र में बोरागांव–बसौड मोटर मार्ग पर सोमवार की रात एक महिन्द्रा कमांडर वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात महिन्द्रा कमांडर वाहन बोरागांव से बसौड की ओर जा रहा था। इस दौरान अचानक चालक के नियंत्रण खो देने से वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में लुढ़क गया। अंधेरा और गहरी खाई होने के कारण चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण तत्काल मदद के लिए घटना की ओर दौड़े।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ झूलाघाट संजीव कुमार और चौकी प्रभारी वड्डा आशीष रावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही एसडीआरएफ पिथौरागढ़ की टीम और 108 एम्बुलेंस सेवा भी तत्काल स्थल पर पहुंची। पुलिस, एसडीआरएफ और ग्रामीणों ने मिलकर संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया और खाई में फंसे घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।

वाहन में चालक सहित चार व्यक्ति सवार थे। हादसे में लक्की भण्डारी (22 वर्ष) निवासी कॉटेबोरागांव, पिथौरागढ़ की मौत हो गई। इसके अलावा वाहन चालक जगदीश बिष्ट (40 वर्ष), मोहन सिंह (40 वर्ष) और सचिन चन्द (22 वर्ष) घायल हो गए और उनको प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ में भर्ती कराया गया है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement