यूसीसी दिवस पर गांधी पार्क में आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम
न्यूज एंड नॉक संवाददाता, रुद्रपुर । समान नागरिक संहिता (यूसीसी) कानून लागू हुए एक वर्ष पूरा होने पर ‘यूसीसी दिवस’ मनाया गया। इस दौरान यूसीसी पंजीकरण के साथ ही विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल भी लगाए गए।
मंगलवार को नगर निगम और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से गांधी पार्क में कार्यशाला एवं जन-सुविधा शिविर का आयोजन किया। शिविर में सुबह से ही पंजीकरण और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर विकास शर्मा ने फीता काटकर किया गया। महापौर के साथ जिलाधिकारी नितिन भदौरिया सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और जनता से सरकार की इस पहल का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड देश का वह पहला राज्य है जिसने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में समान नागरिक संहिता को धरातल पर उतारकर एक मिसाल पेश की है। यह कानून सामाजिक समानता के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। यूसीसी कानून अपनी स्थापना के उद्देश्यों पर पूरी तरह खरा उतर रहा है और इसके सार्थक परिणाम आज हमारे सामने हैं। देवभूमि की संस्कृति और सभ्यता की रक्षा के लिए यह कानून मील का पत्थर साबित हुआ है। पहले विवाह और तलाक के नियमों में स्पष्टता और सख्ती न होने के कारण कई विसंगतियां थीं, लेकिन अब विचारधारा बदली है। विशेष रूप से मुस्लिम समाज में प्रचलित तीन तलाक जैसी प्रथा महिलाओं के लिए एक अभिशाप थी, जो उनके शोषण का जरिया बनी हुई थी। यूसीसी ने इस शोषण को जड़ से समाप्त कर दिया है। अब कोई भी अपनी मर्जी से बहुविवाह नहीं कर सकता और न ही मनमाने ढंग से तीन तलाक दे सकता है।
अल्पसंख्यक आयोग की उपाध्यक्ष फरजाना बेगम ने कहा कि धामी सरकार विशेष रूप से अल्पसंख्यक बहनों के लिए एक फरिश्ते के रूप में कार्य कर रही है। यूसीसी कानून ने उन हजारों बहनों को नई जिंदगी और राहत दी है जो अब तक अपने अधिकारों से वंचित थीं।
जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने कहा कि आज प्रथम यूसीसी दिवस मनाना हम सभी के लिए गर्व का विषय है। समान नागरिक संहिता केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं है।बल्कि यह सामाजिक न्याय और समानता का एक सुदृढ़ स्तंभ है।

वहां पर नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे, एडीएम पंकज उपाध्याय, सहायक नगर आयुक्त राजू नबियाल, कीरतपुर ग्राम प्रधान आशीष यादव, ग्राम प्रधान मंदीप वर्मा, देवभूमि व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष गुरमीत सिंह, एसडीएम मनीष बिष्ट, सीडीओ दिवेश शाशनी, पार्षद चिराग कालरा,गिरीश पाल, शुभम दास सहित अनेक मौजूद रहे।

