


ऊर्जा निगम के छापे में पकड़ी गई थी चोरी
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। बीजेपी मंडल अध्यक्ष के कार्यालय भवन में बिजली चोरी पकड़ी गई है। ट्रांजिट कैंप थाने में एसडीओ ने मुकदमा दर्ज कराया है। मंडल अध्यक्ष पर चोरी का मुकदमा दर्ज होने के बाद पार्टी में अंदरखाने सियासत गरमा गई है। ये मंडल अध्यक्ष स्थानीय विधायक के करीबी माने जाते हैं।
एसडीओ अन्नू अरोरा ने थाने में दर्ज कराए मुकदमे में कहा है कि 30 जनवरी को उन्होंने विभागीय और विजिलेंस टीम के साथ ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में बिजली चोरी को लेकर कार्यवाही की थी। इस दौरान धीरज गुप्ता निवासी ट्रांजिट कैंप के परिसर में बिजली चोरी मिली थी। इस पर चोरी में इस्तेमाल 10 मीटर केबल भी जब्त की गई। इस मुकदमे की एफआईआर में दर्ज मोबाइल नम्बर धीरेश गुप्ता का है जो भाजपा मंडल अध्यक्ष हैं। धीरज उर्फ धीरेश गुप्ता दूसरी बार भाजपा के सरदार पटेल मंडल के अध्यक्ष हैं और पूर्व में नामित पार्षद भी रह चुके हैं। इसको लेकर राजनीति गरमा रही है। अब देखना है कि पार्टी इस मामले में क्या कदम उठाती है।

