बाजपुर से दबोचा गया पाक कनेक्शन वाला वांटेड गैंगस्टर

Share News

उत्तराखंड एसटीएफ और पंजाब पुलिस का बड़ा ज्वाइंट ऑपरेशन, भारी मात्रा में हथियार व हेरोइन बरामद

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

बाजपुर। उत्तराखंड में शरण लेने वाले बाहरी राज्यों के अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) का ऑपरेशन प्रहार लगातार जारी है। इसी क्रम में एसटीएफ और पंजाब पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और स्थानीय पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन में पंजाब के एक कुख्यात और वांटेड अपराधी को बाजपुर से गिरफ्तार।किया है। गिरफ्तार आरोपी के तार पाकिस्तान से जुड़े होने और ड्रोन के जरिए हथियारों व ड्रग्स की तस्करी करने की बात सामने आई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि  पकड़े गए आरोपी का नाम ईशानप्रीत सिंह निवासी गली नंबर 1, सुरता सिंह कॉलोनी, नारायणगढ़, थाना छेहर्टा, अमृतसर सिटी, पंजाब का निवासी है। वह बाजपुर के मोहल्ला केशवनगर में आकर छिपा हुआ था। खुफिया इनपुट मिलने के बाद सोमवार तड़के संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि पंजाब पुलिस से संपर्क करने पर बेहद चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी ईशानप्रीत के पास सीमा पार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए बॉर्डर पर हथियारों और हेरोइन की बड़ी खेप पहुंचाई गई थी। 23 मई को पंजाब में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने अमृतसर में आरोपी के घर पर छापेमारी की थी। उस दौरान ईशानप्रीत पुलिस टीम को देखकर मकान की छत से छलांग लगाकर फरार हो गया था, जिसके बाद से वह उत्तराखंड में आकर छिप गया था। पंजाब पुलिस में इसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।

एसएसपी ने बताया कि 23 मई को अमृतसर में हुई छापेमारी के दौरान सुरक्षा बलों को आरोपी के घर से भारी मात्रा में अवैध विदेशी हथियार और मादक पदार्थ मिले थे। इनमें 12 अवैध पिस्टल (03 बरेटा पिस्टल, 03 जिगाना पिस्टल और 06 मेड इन चाइना पिस्टल), 20 मैगजीन, लगभग 900 ग्राम हेरोइन थी।

पंजाब पुलिस के सुपुर्द किया गया आरोपी

बाजपुर से गिरफ्तारी के बाद उत्तराखंड एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने आवश्यक पूछताछ और कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर आरोपी ईशानप्रीत सिंह को पंजाब पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क और तस्करी के मॉड्यूल को लेकर अब पंजाब पुलिस आरोपी से विस्तृत पूछताछ करेगी।

 

 


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *