पंतनगर यूनिवर्सिटी में फूड प्वाइजनिंग प्रकरण में अज्ञात पर मुकदमा दर्ज

-पटेल छात्रावास के 150 छात्रों की बिगड़ी थी तबियत

-10 जून को खाया था स्पेशल डाइट चिकन -चावल और मटर-पनीर

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। जीबी पंत यूनिवर्सिटी के पटेल छात्रावास में हुए फूड प्वाइजनिंग प्रकरण में कुलपति के आदेश पर कार्यवाहक निदेशक प्रशासन एवं अनुश्रवण ने पंतनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। इस मामले में भोजन के नमूनों के सरकारी लैब से जांच रिपोर्ट मिलने का इंतजार किया जा रहा है।

बताते चले कि 10 जून को पंतनगर विवि के पटेल भवन छात्रावास में भोजन सप्लाई ठेकेदार द्वारा स्पेशल डाइट बनाई गई थी। जिसमें चिकन – चावल, मटर-पनीर, रसमलाई विद्यार्थियों को परोसी गई थी। करीब 150 से अधिक विद्यार्थियों ने स्पेशल खाने का सेवन किया और रात्रि करीब बजे विद्यार्थियों को उल्टी और पेट में दर्द की शिकायत होने लगी और देखते ही देखते छात्रावास में चीख पुकार मचने लगी और विद्यार्थियों की हालत नाजुक बन गई। जिसकी भनक लगते ही पंतनगर विवि प्रशासन में हड़कंप मच गया और फौरन कुलपति के आदेश पर विवि की स्वास्थ्य विभाग की कई टीमों को रवाना करते हुए पंतनगर विवि के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छात्रावास पहुंचकर खाने के सैंपल लिए थे।

इस घटना के बाद पंतनगर विवि प्रशासन को सख्त निर्णय लेने पडे और फौरन भोजन आपूर्ति फर्म यानी ठेकेदार का लाइसेंस निलंबित कर जांच कमेटी का गठन कर दिया। उधर,कुलपति के आदेश पर कार्यवाहक निदेशक प्रशासन एवं अनुश्रवण अनिल कुमार शर्मा ने थाना पंतनगर पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। थाना प्रभारी नंदन सिंह रावत ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज हो चुका है। जल्द ही एक जांच अधिकारी नियुक्त कर पंतनगर विवि छात्रावास भेजा जाएगा। जहां फूड टेस्टिंग रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अपनी तफ्तीश करेगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement