यूपी के देवरिया जिले के रामपुर कारखाना क्षेत्र की घटना
घर से 85 लाख के गहने चुराकर बेच दिए
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रामपुर कारखाना (देवरिया)। मोमो की लत सातवीं के छात्र पर इस कदर हावी हुई कि वह अपने ही घर में चोर बन गया। उसने मोमो खाने के लिए घर से 85 लाख रूपये के गहने चुरा दिए। परिजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बच्चे के पिता ने मोमो की दुकान चलाने वाले तीन युवकों के खिलाफ पुलिस को तहरीर सौंपी है।
दरअसल, भगवानपुर तिवारी गांव के रहने वाले पुजारी विमलेश के बेटे को मोमो खाने की आदत है। वह सातवीं कक्षा का छात्र है। बताया जा रहा है कि छात्र एक दुकान पर मोमो खाने जाता था और दुकान चलाने वाले तीन युवकों ने उसे झांसे में ले लिया। इसके बाद उसे मोमो का लालच दिया और बदले में घर से गहने चुरवाए। उसने अपनी मां और बुआ का घर में रखा 85 लाख का जेवर चोरी कर लिया।
रविवार को जब पिता ने अलमारी खोली तो जेवर चोरी होने का पता चला। जब उन्होंने बेटे से पूछताछ की तो उसने जेवर मोमो के लिए डुमरी चौराहे में स्थित मोमो की दुकान चलाने वाले तीन युवकों को देने की बात बताई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बहरहाल, मोमो की लत में छात्र के चोर बनने की खबर देशभर में चर्चा में है। यह घटना न सिर्फ अभिभावकों के लिए चेतावनी है, बल्कि बच्चों में बढ़ती जंक फूड की लत के प्रति सचेत भी करती है

