रुद्रपुर में आस्था का बड़ा केन्द्र बनेगा भव्य शिव कॉरिडोरः विकास शर्मा

Share News

मुख्यमंत्री की पांच बड़ी घोषणाओं से बदलेगी शहर की तस्वीर

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा की गई नई घोषणाओ से रुद्रपुर की तस्वीर बदलेगी। शिव कॉरिडोर सहित कुल पांच नई घोषणाएं कर मुख्यमंत्री ने रुद्रपुर वासियों की भावनाओं का सम्मान किया है। कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर जल्द काम शुरू होगा।

सोमवार को महापौर विकास शर्मा ने शिव कॉरिडोर का हिस्सा बनने जा रहे नीलकंठ धाम में रुद्राभिषेक किया और इसके बाद नगर आयुक्त शिप्रा जोशी व नगर निगम की टीम के साथ प्रस्तावित शिव कॉरिडोर के लिए नीलकंठ धाम, शिव मंदिर और गोल्ज्यू मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की।

उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि नीलकंठ धाम वही स्थान है जिसकी भूमि को लेकर उन पर कुछ लोग अनर्गल आरोप लगाकर उन्हें भूमाफिया घोषित करने की कोशिश कर रहे थे। आज सच्चाई सबके सामने है कि यह भूमि उनके व्यक्तिगत हित के लिए नहीं बल्कि ऐतिहासिक शिव कॉरिडोर का हिस्सा बनने जा रही है। हाल ही में नीलकंठ धाम के पास छह एकड़ भूमि को कालनेमियों के कब्जे से मुक्त कराया गया था, जिस पर अब शिव कॉरिडोर का सपना साकार होगा। महापौर ने कहा कि गांधी पार्क में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मानसखंड कॉरिडोर में तीन मंदिरों को जोड़ने की घोषणा की है, जिसके तहत गंगापुर रोड स्थित नीलकंठ धाम, गोल्ज्यू मंदिर और आस्था के केन्द्र शिव मंदिर के साथ ही गुरुचांद मंदिर परिसर का कायाकल्प होगा। इन मंदिरों को एक साथ जोड़ते हुए त्रिभुजाकार स्वरूप दिया जाएगा और यहां पर नीलकंठ भवन के साथ ही 51 फुट ऊंची भगवान शिव की मूर्ति स्थापित की जाएगी। शिव कॉरिडोर के लिए एक अलग से मार्ग बनाया जायेगा। यह कॉरिडोर रूद्रपुर में आस्था का बड़ा केन्द्र बनकर उभरेगा। इसे पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित किया जायेगा।

 

महापौर ने बताया कि खेड़ा में अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि पर पर्यावरण मित्रों के लिए अत्याधुनिक सरकारी आवासों का निर्माण किया जाएगा।  शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए भूरारानी रोड और गंगापुर रोड के चौड़ीकरण को मंजूरी दी गई है। अटरिया मोड़ से इंदिरा कॉलोनी तक ‘मिनी बाईपास’ के निर्माण का भी ऐलान मुख्यमंत्री ने किया है, जिससे शहर के मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव कम होगा। इसके साथ ही किच्छा रोड पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने का भी ऐलान हुआ है, जिसमें बास्केटबॉल, क्रिकेट, बैडमिंटन, इंडोर जिम सहित विभिन्न खेलों की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। महापौर ने इन घोषणाओं पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की योजनाओं में विकास, अंत्योदय और विरासत को शामिल किया गया है।

वहां पर मंदिर के महंत प्रकाश, शिव कुमार राय, पार्षद सुशील चौहान, पार्षद चिराग कालरा, हरि अधिकारी,एम पी मौर्या आदि भी मौजूद रहे।

 

 

त्रिशूल चौक के बाद अब डमरू चौक का नंबर

रुद्रपुर । महापौर विकास शर्मा ने कहा कि रुद्रपुर को भगवान शिव की नगरी का स्वरूप प्रदान करने के लिए त्रिशूल चौक की स्थापना के बाद अब डमरू चौक की तैयारी शुरू हो गई है। उन्होंने बताया कि नगर निगम ने विभिन्न चौराहों को नई धार्मिक पहचान देने का खाका तैयार किया था, जिसके तहत इंदिरा चौक पर भव्य त्रिशूल पहले ही स्थापित किया जा चुका है। इसी तर्ज पर अब डीडी चौक को डमरू चौक के रूप में सजाने के लिए मुख्यमंत्री ने शिलान्यास कर दिया है। 24 लाख रुपये की लागत से डीडी चौक को डमरू चौक के रूप में परिवर्तित किया जाएगा, जिससे शहर की सुंदरता और धार्मिक महत्ता में वृद्धि होगी। वहां पर पार्षद सुशील चौहान ने मिनी बाईपास की घोषणा पर पगड़ी पहनकर महापौर का स्वागत किया।


Share News

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *