रुद्रपुर नगर निगम के नए हाईटेक भवन के लिए 15.74 करोड़ का बजट मंजूर

Rudrapur Mayor Vikas Sharma

देहरादून में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में व्यय वित्त समिति ने लगाई मुहर

बहुमंजिला भूकंपरोधी इमारत में होंगी आधुनिक सुविधाएं

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। नगर निगम के नए और आधुनिक कार्यालय भवन के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने इस बहुमंजिला भवन के निर्माण के लिए 1574.24 लाख रुपये के भारी-भरकम बजट को अपनी प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। जल्द ही निविदा प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य धरातल पर शुरू किया जाएगा।

महापौर विकास शर्मा ने बताया कि नगर निगम कार्यालय को हाईटेक बनाने के उद्देश्य से शासन को एक विस्तृत प्रस्ताव भेजा गया था, प्रस्ताव पहले ही मंजूर हो गया था।बृहस्पतिवार को देहरादून में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित व्यय वित्त समिति की बैठक में राज्य की कई प्रमुख योजनाओं पर चर्चा हुई। इस बैठक में नगर निगम रुद्रपुर के मुख्य कार्यालय भवन के पुनर्निर्माण कार्य को प्राथमिकता देते हुए बजट का अनुमोदन किया गया।

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों को कड़े निर्देश दिए कि स्वीकृत योजनाओं का क्रियान्वयन व्यवहारिक, मितव्ययी, पारदर्शी और पूर्ण गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए। साथ ही परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर तेजी से पूरा करने की हिदायत भी दी गई है।

महापौर ने बताया कि 15.74 करोड़ रुपये की लागत से तीन मंजिला हाईटेक भवन तैयार किया जाएगा। इस परिसर में विशाल पार्किंग के अलावा ग्राउंड फ्लोर, प्रथम तल और द्वितीय तल का निर्माण होगा, जबकि छत (टैरेस) पर एक बड़े हॉल का प्रावधान रखा गया है। ग्राउंड और प्रथम तल पर यूएलबी कार्यालय संचालित होंगे, जबकि द्वितीय तल और टैरेस हॉल का उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा सकेगा। स्टिल्ट पार्किंग एरिया में वाहनों के खड़े होने की व्यवस्था के साथ-साथ आधुनिक रिसेप्शन, वेटिंग एरिया, टैक्स कलेक्शन काउंटर और स्टोर रूम जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

बताया कि पूरी इमारत भूकंपरोधी तकनीक पर आधारित होगी। इस नई और सुविधायुक्त इमारत के बनने से नगर निगम की कार्यप्रणाली और अधिक पारदर्शी व सुदृढ़ होगी, जिसका सीधा लाभ शहर की आम जनता को बेहतर सेवाओं के रूप में मिलेगा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement