दिशा की बैठक में अनुपस्थित थे अधिशासी अधिकारी, वेतन रोकने के निर्देश

सांसद ने केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा की, काशीपुर में ऊर्जा निगम के कार्यों पर जताई नाराजगी

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। सांसद अजय भट्ट ने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की। उन्होंने केंद्र सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने नगर पंचायत शक्तिगढ़ के अधिशासी अधिकारी के बैठक में अनुपस्थित होने पर मुख्य विकास अधिकारी को स्पष्टीकरण लेने व वेतन रोकने के निर्देश दिए। 

शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में सांसद भट्ट ने कहा कि सभी अधिकारी कार्यों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को दें। इसके साथ ही योजना कार्यों का शुभारंभ एवं लोकार्पण जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराएं। अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारें ताकि जनता को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।  उन्होंने काशीपुर क्षेत्र में विद्युत विभाग द्वारा किये जा रहे कार्यों पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी को कार्यों की समीक्षा करने के साथ ही विभाग की ओर से किये जा रहे कार्यो का पूर्ण विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।  कहा कि गर्मी का सीजन प्रारंभ हो गया है इसलिए पेयजल व विद्युत महकमा जनता को शुचारू पेयजल उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्था करें। पेयजल लाइनों व ओवर हेड टैंकों की मरम्मत के साथ ही सुचारू पेयजल उपलब्ध कराने के लिए टैंकरों की भी व्यवस्था की जाए। विद्युत विभाग नलकूपों में लगे ट्रांसफार्मर व विद्युत लाइनों का सुदृढ़ कर लें।

सांसद जल जीवन मिशन कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि जो योजना कार्यों में खोदी सड़के व पेयजल लाइन लीकेज को प्राथमिकता से ठीक करें। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से लीकेज व खोदी सड़कें ठीक कराने का निरीक्षण कराकर रिपोर्ट मंगाने के निर्देश दिए। कहा कि जिन ठेकेदारों की ओर से पेयजल योजना कार्यों में कोताही बरती जा रही है उनके खिलाफ कार्रवाई करने व वसूली करने के निर्देश भी दिए। 

उन्होंने जनपद के सभी नगर निकायों की पेयजल योजना की डीपीआर बनाने के निर्देश पेयजल निगम को दिए। सांसद ने कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) चिकित्सालय की समीक्षा करते हुए विस्तृत जानकारी मांगी। जिस पर चिकित्सा अधीक्षक ईएसआईसी ने बताया कि चिकित्सालय 2 लाख 16 हजार ईएसआईसी कार्ड धारकों के लगभग 8 लाख लोगों को चिकित्सा सुविधाएं दी जा रही है। उन्होंने चिकित्सालय के लिए चिकित्सकों, अन्य स्टॉफ व उपकरणों की आवश्यकता है तो उसका प्रस्ताव बना कर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। ताकि भारत सरकार स्तर पर वार्ता कर मांग की जा सके।


रुद्रपुर बाईपास ट्रायल के लिए 20 मार्च के बाद खुलेगा

रुद्रपुर। सांसद ने रुद्रपुर बाईपास का निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए कार्य की गुणवत्ता व समयबद्धता पर ध्यान देते हुए शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश पीडी एनएचएआई को दिए। पीडी एनएचएआइ ने बताया कि 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। 20 मार्च के बाद ट्रायल के लिए खोल दिया जाएगा। सांसद ने कहा अप्रैल प्रथम सप्ताह में स्वयं रुद्रपुर बाईपास का निरीक्षण करेंगे। सांसद ने रेलवे अधिकारियों को छत्तरपुर अंडरपास निर्माण कार्य में गति लाते हुए शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। वहां पर विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दर्जा मंत्री मुकेश कुमार, मंजीत सिंह, ब्लॉक प्रमुख चंद्र प्रभा, चेयरमैन नगर पालिका गदरपुर मनोज गुम्बर, दिशा के सदस्य सतीश चुघ, मनोज कुमार, राजेश कुमार, रेखा यादव, गुंजन सुखीजा, डीएम नितिन सिंह भदौरिया, सीडीओ दिवेश शाशनी सहित अनेक मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement