
उत्तराखंड STF ने कोतवाली पुलिस के साथ की बड़ी कार्रवाई
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। उत्तराखंड एसटीएफ (STF) और रुद्रपुर पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन में एक बड़ी गैंगवार की साजिश को विफल कर दिया है। पुलिस ने कुख्यात अपराधी संदीप चौहान निवासी मलिक फार्म, डिबडिबा, थाना बिलासपुर, जनपद रामपुर (उ.प्र.) को 3 अवैध तमंचों और 11 जिंदा कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त अपने विरोधी गैंग के सदस्यों की हत्या करने की फिराक में था।अभियुक्त के खिलाफ यूपी और उत्तराखंड में लूट, डकैती और हत्या के प्रयास जैसे 10 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। संदीप चौहान वर्तमान में रामपुर (यूपी) और ऊधमसिंह नगर से धारा 307 IPC (BNS के तहत संबंधित धाराएं) के मामले में वांछित चल रहा था।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि सटीक इनपुट मिला था कि संदीप उर्फ सनिया अपने गैंग के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाला है। घेराबंदी के दौरान इसे रुद्रपुर से दबोचा गया। इसके कुछ साथी भागने में सफल रहे। यह अपराधी आपसी रंजिश के चलते दूसरे पक्ष पर जानलेवा हमले की योजना बना रहा था। इसके पास से तीन तमंचे 315 बोर, 11 कारतूस बरामद हुए हैं।


