


पति और सास-ससुर समेत छह पर मुकदमा दर्ज
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
पंतनगर। थाना क्षेत्र के नगला में विवाहिता काजल की मौत का मामला गहराता जा रहा है। इस प्रकरण में पुलिस ने मृतका की मां की तहरीर पर पति, सास-ससुर समेत छह लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका की मां ने पुलिस को दी तहरीर में अपनी बेटी पर ढाए गए जुल्मों और यातनाओं की जो दर्दनाक दास्तान बयां की है, उससे हर कोई स्तब्ध है।
जानकारी के अनुसार, गोपालगंज, बिहार निवासी सावित्री देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने 13 दिसंबर 2020 को अपनी बेटी काजल का विवाह हिंदू रीति-रिवाज के साथ पंकज कुमार सिंह उर्फ पवन कुमार सिंह निवासी ग्राम पकड़ी, कुशीनगर, यूपी और हाल निवासी नगला, पंतनगर के साथ किया था। आरोप है कि शादी तय होने के बाद से ही ससुर वीरेश सिंह और सास लाल झारी देवी 15 लाख रुपये दहेज लाने का दबाव बना रहे थे। बेटी के सुखी जीवन और खुशी की खातिर मां ने जैसे-तैसे 11 लाख रुपये नगद दिए और करीब 8 लाख रुपये शादी-ब्याह के अन्य इंतजामों में खर्च किए।
मां का कहना है कि शादी के बाद से ही काजल को और दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। हद तो तब हो गई जब काजल पहली बार गर्भवती हुई, तो उसके पति पवन ने उसे बेरहमी से पीटा। इस बर्बर प्रहार के कारण काजल का गर्भपात हो गया। इसके बाद भी ससुराल वालों का दिल नहीं पसीजा। उन्होंने काजल का मोबाइल फोन तक छीन लिया ताकि वह अपने मायके वालों से बात न कर सके, और उसे लगातार गंभीर मानसिक व शारीरिक यातनाएं दी जाने लगीं।
सावित्री देवी ने बताया कि बीते 16 जून को उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी काजल ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है। उनका कहना है कि काजल जब भी चोरी-छिपे बात करती थी, तो वह ससुराल में मिल रही भीषण प्रताड़ना का जिक्र कर रोती थी। इसी यातना से तंग आकर उसने आत्मघाती कदम उठाया।
पुलिस ने मृतका की मां की तहरीर पर पवन कुमार सिंह (पति), वीरेश सिंह (ससुर), लाल झारी देवी (सास), नवनीत सिंह उर्फ राजू (देवर), गुड़िया (ननद), अंजलि (ननद) के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ जल्द ही वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

