आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाते दिल्ली का बुकी गिरफ्तार

Share News

अभियुक्त से कार, लैपटॉप और नकदी बरामद

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो 

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैम्प पुलिस और एसओजी की टीम ने सिडकुल आनंदपुर रोड पर दबिश देकर आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगा रहे दिल्ली निवासी एक बुकी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से लग्जरी कार, लैपटॉप, पांच महंगे मोबाइल फोन और 92 हजार की नकदी बरामद हुई है।

जानकारी के अनुसार, ट्रांजिट कैम्प थाने के उपनिरीक्षक  प्रकाश चन्द्र और  एसओजी टीम ने मुखबिर की सूचना पर सिडकुल आनंदपुर रोड पर धर्मकांटे के आगे एक सफेद रंग की होंडा सिटी कार रजिस्ट्रेशन नंबर डीएल 10 सीएल7743 में बैठे एक व्यक्ति को पकड़ा। वह व्यक्ति लैपटॉप पर काम कर रहा था। पूछताछ में उसने अपना नाम रंजीत सिंह सैनी पुत्र वीर सिंह सैनी, निवासी- साद नगर, पालम कॉलोनी, दिल्ली बताया। जब पुलिस ने कार की तलाशी ली, तो ड्राइवर सीट के बगल में चालू हालत में एक एचपी कंपनी का लैपटॉप और पांच मोबाइल फोन मिले।

लैपटॉप की स्क्रीन पर iAssistant नाम का सट्टा सॉफ्टवेयर खुला हुआ था। इसमें एक्सेल शीट पर ग्राहकों के नाम, आईपीएल टीमों राज, एलएसजी के कोड, रन, और हार-जीत के पैसों का पूरा माइनस-प्लस लेखा-जोखा मौजूद था। इसके अलावा बरामद फोन में सट्टा लगाने की वॉइस रिकॉर्डिंग और पेटीएम के जरिए पैसों के लेन-देन के स्क्रीनशॉट भी पाए गए।

कार की  तलाशी लेने पर सीट के नीचे से एक नीला बैग बरामद हुआ, जिसमें एक कैलकुलेटर, लैपटॉप चार्जर और 92 हजार रूपये मिले। आरोपी ने कबूल किया कि वह सुनसान जगह पर कार खड़ी कर ऑनलाइन आईपीएल मैच पर सट्टा खेल रहा था और बरामद रकम सट्टे की ही कमाई है। होंडा सिटी कार के दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई कागज नहीं दिखा पाया, जो कि जांच करने पर उसकी किसी महिला रिश्तेदार के नाम पर दर्ज पाई गई है। पुलिस ने कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने रंजीत सिंह सैनी के खिलाफ थाना ट्रांजिट कैम्प में धारा 13 जुआ एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।  


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *