रुद्रपुर बाजार में रात में पीएसी संभालेगी मोर्चा, सीसीटीवी से होगी हर हरकत पर नजर

व्यापारियों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम:

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। शहर में लगातार हुई चोरी की वारदातों के बाद महापौर विकास शर्मा की पहल पर एसएसपी अजय गणपति ने बड़ा फैसला लिया है। अब शहर के बाजारों में रात 10 से सुबह 5 बजे तक पीएसी जवान गश्त करेंगे।

मंगलवार को महापौर विकास शर्मा की अगुवाई में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति से मुलाकात की। इस उच्च स्तरीय बैठक में शहर की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए एक नई और ठोस रणनीति तैयार की गई है।

बैठक के दौरान बाजारों और संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए तय हुआ कि अब रात के समय पुलिस के साथ-साथ पीएसी जवानों की अलग से तैनाती की जाएगी। एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल प्रभाव से एक प्लाटून पीएसी तैनात करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।  जवानों की निगरानी और बेहतर संचालन के लिए एक सब-इंस्पेक्टर को भी विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।

एसएसपी कार्यालय पहुंचे प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए एसएसपी ने कहा कि पुलिस की विशेष टीमें इन मामलों पर लगातार काम कर रही हैं और बहुत जल्द इन चोरियों का खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

महापौर विकास शर्मा ने बताया कि व्यापारियों के सुझावों के आधार पर शहर के कई संवेदनशील प्वाइंट्स चिन्हित किए गए हैं। इसके साथ ही, शहर की गलियों और बाईपास मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रात में लगातार मॉनिटरिंग के लिए पुलिसकर्मियों की अलग से ड्यूटी लगाई गई है।

महापौर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रहे ऑपरेशन प्रहार का जिक्र करते हुए कहा कि अपराधियों और नशा माफियाओं के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। रुद्रपुर में भी अपराधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है। महापौर ने घोषणा की कि जहां भी आवश्यकता महसूस होगी, वहां नगर निगम की ओर से अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि इस नई सुरक्षा रणनीति से भविष्य में चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी और व्यापारियों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement