किसान ही हमारी ताकत और असली नायक: धामी

Share News

पंतनगर किसान मेला 2026: सीएम धामी ने किया 119वें कृषि मेले का शुभारंभ

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, पंतनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में 119वें अखिल भारतीय किसान मेले एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रगतिशील किसानों को सम्मानित करने के साथ-साथ विश्वविद्यालय के नवीनतम कृषि साहित्य का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को साझा करते हुए बताया कि केंद्र सरकार ने किसानों के लिए 14,000 करोड़ रुपये की लागत वाली 7 नई परियोजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दी गई है। उत्तराखंड सरकार किसानों को 3 लाख रुपये तक का ऋण बिना किसी ब्याज के उपलब्ध करा रही है। जंगली जानवरों से फसलों के बचाव के लिए घेराबड़ (Fencing) हेतु ₹25 करोड़ की पहली किस्त जारी की गई है। किसानों की आय दोगुनी करने के लिए ₹200 करोड़ का प्रावधान किया गया है, जिसमें से 350 पॉलीहाउस स्थापित हो चुके हैं।

मशरूम और शहद उत्पादन में उत्तराखंड की ऊंची छलांग

सीएम धामी ने प्रदेश की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि उत्तराखंड अब कृषि के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है। मशरूम उत्पादन में 27 हजार मीट्रिक टन के साथ प्रदेश देश में 5वें स्थान पर है। शहद उत्पादन में 3300 मीट्रिक टन वार्षिक उत्पादन के साथ राज्य 8वें स्थान पर पहुँच गया है। प्रदेश में 07 एरोमा वैली और सेब की नई नीति (₹1200 करोड़ लागत) लागू की गई है।

किसान और सैनिक का हूं बेटा

सीएम धामी ने कहा कि वे किसान हैं। पिछले साल उन्होंने खेतों में जुताई, धान की रोपाई की थी। वे सैनिक और किसान के बेटे हैं। उनको खेती में बचपन से ही दिलचस्पी रही है।

किसान हमारे अन्नदाता

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान बन्धु हमारे अन्नदाता है व हमारे असली नायक हैं। किसान के मेहनत व समर्पण से ही हमें अन्न मिल रहा है तथा देश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री के विकसित भारत संकल्पना में किसान भाइयों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कृषकों के मेहनत व समर्पण से ही गांव, क्षेत्र सम्पन्न होता है और जब गाँव सम्पन्न होता है तो देश होगा। उन्होंने कहा डबल इंजन सरकार ने किसानों के हितों को सर्वोपरि रखा है और सरकार कृषकों का कंधे से कंधा मिलाकर साथ देगी।

कृषि मेला: नवाचार और संवाद का केंद्र

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान ने बताया कि इस 119वें मेले में 350 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। मेले में प्रतिदिन लगभग 20 हजार किसान शिरकत कर रहे हैं, जहाँ उन्हें वैज्ञानिकों से सीधे संवाद और आधुनिक कृषि यंत्रों की जानकारी मिल रही है। वहां विधायक तिलकराज बेहड़, मेयर विकास शर्मा, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला सहित अनेक मौजूद रहे।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *