– पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
– अधिकारियों को निर्देश देने का किया आग्रह
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। बेमौसमी बारिश से पहले ही फसलें गंवा चुके किसानों के सामने अब मंडी में रखे अनाज को बचाने की चुनौती है। किच्छा मंडी परिसर में तौल नहीं होने से किसानों का अनाज लगातार बारिश की चपेट में आकर खराब होने की आशंका है। इस समस्या को लेकर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने जिलाधिकारी नितिन भदौरिया से मुलाकात कर तत्काल तौल कराने की मांग उठाई।
राजेश शुक्ला ने जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में कहा कि हाल में हुई बेमौसमी बारिश से किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों को राहत देने के लिए प्रयासरत है और फसल क्षति के अनुरूप मुआवजा देने की प्रक्रिया पर प्रशासन कार्रवाई कर रहा है।
उन्होंने कहा कि कई किसान फसल काटने के बाद अपना अनाज मंडी परिसर में पहुंचा चुके हैं, लेकिन तौल नहीं होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश से अनाज खराब होने की आशंका बढ़ रही है, जिससे किसानों को दोहरी आर्थिक मार झेलनी पड़ सकती है। पूर्व विधायक ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देशित कर मंडी में रखे किसानों के अनाज की तौल सुनिश्चित कराने का आग्रह किया, ताकि किसानों को नुकसान से बचाया जा सके।
जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर बारिश से प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने के लिए प्रशासन युद्धस्तर पर कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने मंडी में रखे अनाज की तत्काल तौल कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने का आश्वासन दिया।




