– डीडी चौक पर बनेगा 24.75 लाख का डमरू चौक
– आंबेडकर पार्क का भी होगा सौंदर्यीकरण
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। शहर में विकास कार्यों को गति देने के लिए नगर निगम ने 11.50 करोड़ रुपये की लागत से 76 कार्यों के टेंडर जारी किए हैं। इनमें सड़क, नाली और पुलिया निर्माण के साथ पार्कों का जीर्णोद्धार, धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण, सामुदायिक भवनों का निर्माण और अतिक्रमण से मुक्त कराई गई जमीनों का संरक्षण शामिल है। महापौर विकास शर्मा ने कहा कि इन कार्यों के पूरा होने से शहर की बुनियादी सुविधाओं और सार्वजनिक स्थलों की स्थिति में सुधार होगा।
अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में महापौर ने बताया कि नगर निगम चरणबद्ध तरीके से विकास कार्यों को आगे बढ़ा रहा है। पहले चरण में 5.50 करोड़ रुपये की लागत से 56 कार्यों के टेंडर जारी किए गए थे। इसके बाद लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से 72 कार्यों की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। इसके अतिरिक्त 10 करोड़ रुपये की लागत से हॉटमिक्स सड़कों के निर्माण के टेंडर भी किए जा चुके हैं। अब तीसरे चरण में 11.50 करोड़ रुपये के 76 कार्यों के टेंडर जारी किए गए हैं।
डीडी चौक पर बनेगा डमरू चौक, आंबेडकर पार्क का होगा कायाकल्प
नगर निगम डीडी चौक पर 24.75 लाख रुपये की लागत से डमरू चौक का निर्माण कराएगा। महापौर के मुताबिक, त्रिशूल चौक की तर्ज पर डीडी चौक को भी आकर्षक स्वरूप देने की योजना है। मुख्य बाजार स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क के सौंदर्यीकरण पर 24.55 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, आवास विकास स्थित शहीद-ए-आजम भगत सिंह पार्क के जीर्णोद्धार के लिए 20.66 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया है।अतिक्रमण से मुक्त कराई गई जमीनों को दोबारा कब्जे से बचाने के लिए 24.66 लाख रुपये की लागत से व्यू कटर लगाए जाएंगे। नगर निगम का कहना है कि इससे मुक्त कराई गई भूमि को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।
धार्मिक स्थलों और सामुदायिक भवनों पर भी खर्च
धार्मिक स्थलों के विकास के तहत बसंती माता मंदिर में नौ लाख रुपये की लागत से पत्थर लगाने का कार्य कराया जाएगा। काशीपुर बाईपास स्थित श्री गुरुद्वारा अमृतसागर डेरा भजनगढ़ के पास 12.16 लाख रुपये से प्रवेश द्वार बनाया जाएगा। गंगापुर रोड स्थित गोल्ज्यू मंदिर और नीलकंठ धाम के पास क्रमशः 20.80 लाख और 23.42 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन बनाए जाएंगे। वार्ड 30 की इंदिरा कॉलोनी स्थित रामलीला मैदान में 23.84 लाख रुपये और वार्ड 16 के देव होम्स एलीट में 9.50 लाख रुपये से सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा। दूधिया बाबा छात्रावास में 22.78 लाख रुपये की लागत से टाइल लगाने का काम भी प्रस्तावित है। वार्ड 16 के बगवाड़ा स्थित नंद विहार में पार्क की चारदीवारी और जोनल कार्यालय के निर्माण के लिए 24.38 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया है।
रेनबो स्कूल रोड पर पहले बनेगा नाला और पुलिया
महापौर ने रेनबो स्कूल वाली सड़क के निर्माण में जल निकासी को प्रमुख समस्या बताया। उन्होंने कहा कि सड़क बनाने से पहले इसकी एक ओर 9.35 लाख रुपये की लागत से नाला और पुलिया बनाई जाएगी। जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित होने के बाद सड़क का निर्माण कराया जाएगा, ताकि जलभराव के कारण सड़क दोबारा खराब न हो। पुलिस लाइन की मुख्य सड़क के दोनों ओर टाइल लगाने और आकर्षक लाइटें लगाने के लिए 24.83 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया है। यह कार्य एसएसपी अजय गणपति के आग्रह पर कराया जाएगा। लंबाखेड़ा स्थित गौशाला के पास मृत पशुओं के निस्तारण के लिए चिह्नित स्थल पर 11.85 लाख रुपये से प्रीकास्ट वॉल बनाई जाएगी।
वार्डों में सीसी सड़क और जल निकासी के कार्य
वार्ड एक की ज्येष्ठा कॉलोनी में रोहित भट्ट के घर से मुकेश के घर तक 17.67 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क बनाई जाएगी। इसी वार्ड में तीनपानी डामर रोड और मार्ट के पास नेशनल स्कूल वाली गली में मिट्टी भरान व सीसी सड़क निर्माण के लिए 4.36 लाख रुपये का कार्य प्रस्तावित है। शांति कॉलोनी की विभिन्न सड़कों पर 18.40 लाख रुपये की लागत से जीएसबी डाली जाएगी। महापौर ने कहा कि विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली और पुलिया निर्माण के कार्य भी कराए जाएंगे। बारिश के कारण जिन कार्यों में देरी हुई है, उन्हें मौसम अनुकूल होने पर तेजी से पूरा कराया जाएगा।
डिजिटल लाइब्रेरी के लिए मिला 60 लाख का सीएसआर फंड
महापौर ने बताया कि शहर में डिजिटल लाइब्रेरी का कार्य चल रहा है। इसके लिए सीएसआर फंड से 60 लाख रुपये की सहायता मिली है। इससे विद्यार्थियों और युवाओं को आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।उन्होंने बताया कि गंगापुर रोड के चौड़ीकरण का शासनादेश जारी हो चुका है। भूरारानी रोड और अटरिया मोड़ से इंदिरा कॉलोनी तक सड़क निर्माण से संबंधित शासनादेश की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है। महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग से शहर में विकास कार्यों को गति मिल रही है। उन्होंने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि वह उनकी ऐसी किसी घोषणा का उदाहरण सामने रखे, जिसे पूरा नहीं कराया गया हो। उनके मुताबिक, नगर निगम का लक्ष्य विकास योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराना है।




