


50 लाख की लागत से मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
न्यूज एंड नॉक डेस्क, रूद्रपुर। शहर की सबसे पुरानी सब्जी मण्डी अब जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नये स्वरूप में नजर आएगी। सब्जी मण्डी के पुनर्निर्माण कार्य का महापौर विकास शर्मा ने शिलान्यास किया।
शनिवार को शिलान्यास कार्यक्रम में महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग और आशीर्वाद से रूद्रपुर की ऐतिहासिक और सबसे पुरानी सब्जी मण्डी का करीब 50 लाख रुपये की लागत से कायाकल्प होने जा रहा है। चुनाव के दौरान उन्होंने व्यापारियों से सब्जी मण्डी के पुनर्निर्माण और सुविधाओं के विस्तार का वादा किया था और आज उसी संकल्प को धरातल पर उतारने की शुरुआत हो गई है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं बल्कि व्यापारियों और आम जनता को बेहतर और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है।
पुनर्निर्माण कार्य के तहत सब्जी मण्डी में आधुनिक शेड का निर्माण कराया जाएगा, जिससे गर्मी, बरसात और खराब मौसम में व्यापारियों और ग्राहकों को राहत मिलेगी। इसके अलावा प्रत्येक व्यापारी के लिए अलग अलग व्यवस्थित स्टॉल बनाए जाएंगे। हर स्टॉल में पानी की टंकी और बिजली कनेक्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
नई मण्डी में दोनों किनारों पर नालियां बनेंगी। और दोनों किनारों पर 16 फिट की सड़क होगी। मध्य में रोड से दो फिट उपर प्लेटफार्म बनेगा। प्रकाश व्यवस्था के लिए सोलर लाईट की व्यवस्था की जायेगी। मण्डी के प्रवेश द्वार पर भव्य गेट बनाया जायेगा। साथ ही मण्डी परिसर में साफ सफाई, प्रकाश व्यवस्था और आवागमन को भी बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल एक निर्माण कार्य नहीं बल्कि रूद्रपुर के व्यापारिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है।
इस अवसर पर मुख्य बाजार भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, देवभूमि व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष गुरमीत सिंह, देवभूमि व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र अरोरा, वरिष्ठ नेता वेद ठुकराल, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी,वरिष्ठ नेता धर्म सिंह कोली, सुरेश कोली, नरेश सागर, पार्षद इंद्रजीत सिंह, पार्षद प्रमोद शर्मा, पार्षद प्रतिनिधि मानवेंद्र राय, रेनू जुनेजा आदि मौजूद रहे।

