डिलीवरी स्टोर में लगी भीषण आग में जिंदा जले दो कर्मचारी

Share News

हल्द्वानी के रामपुर रोड पर देर रात हुआ खौफनाक हादसा

– शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, लाखों का सामान और गाड़ियां जलकर खाक

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित जीतपुर नेगी क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात एक डिलीवरी कंपनी के स्टोर में भीषण आग लग गई। इस खौफनाक अग्निकांड में स्टोर के अंदर सो रहे दो कर्मचारियों की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि दोनों युवकों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। दम घुटने और आग की भीषण तपन के बीच दोनों युवक अंदर ही फंस कर रह गए।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात पास में ही स्थित एक अन्य डिलीवरी स्टोर के कर्मचारियों ने आसमान छूती लपटें और काला धुआं उठते देखा। चीख-पुकार मचने के बाद तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया।

सूचना मिलते ही एसपी सिटी मनोज कत्याल भारी पुलिस बल और दमकल की गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने बिना वक्त गंवाए कटर की मदद से लोहे के भारी भरकम शटर को काटा। शटर काटकर टीम अंदर दाखिल हुई और कई घंटों की भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जब आग बुझी, तो अंदर का मंजर दोनों कर्मचारी मृत थे। मृतकों की पहचान गौलापार निवासी नरेंद्र और पंचायतघर निवासी अमित के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिया है। इस भीषण आग में स्टोर में रखा लाखों रुपये का सामान और डिलीवरी पार्सल जलकर राख के ढेर में तब्दील हो गए। इसके अलावा स्टोर के अंदर चार्जिंग पर लगी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी और सामान ढोने वाला एक मालवाहक टेंपो भी जलकर खाक हो गया। आशंका जताई जा रही है कि आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। 

सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि  बीती देर रात आग की सूचना मिली थी। शटर बंद होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतें आईं, जिसके बाद शटर को काटकर आग पर काबू पाया गया। हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए फायर विभाग की टीमें विस्तृत जांच कर रही हैं।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *