


द मेडिसिटी अस्पताल में जटिल नेजल सर्जरी का सफल ऑपरेशन
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। ‘द मेडिसिटी’ अस्पताल ने चिकित्सा के क्षेत्र में एक और उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल के ईएनटी विभाग (नाक, कान, गला) ने एक 23 वर्षीय महिला की जटिल नेजल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। इस सफल ऑपरेशन के बाद अब मरीज पूरी तरह स्वस्थ है और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
सांस की समस्या और सिरदर्द से थी परेशान
मरीज पिछले काफी समय से नाक के अवरोध (Nasal Blockage) और माथे में होने वाले तेज दर्द (Frontal Headache) से जूझ रही थी। अस्पताल के ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. बी. नितिन की देखरेख में हुई गहन जांच में पाया गया कि मरीज ‘एंट्रोकोनल पॉलिप’ और नाक की टेढ़ी हड्डी (DNS) जैसी गंभीर समस्याओं से ग्रसित थी, जिसके कारण उसे सांस लेने में अत्यधिक कठिनाई हो रही थी।
आधुनिक तकनीक से हुआ ऑपरेशन
डॉ. बी. नितिन के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने 13 मार्च को मरीज का ऑपरेशन किया। इस दौरान सेप्टोरहिनोप्लास्टी, FESS (साइनस की दूरबीन विधि से सर्जरी) और टर्बिनोप्लास्टी जैसी आधुनिक प्रक्रियाओं का उपयोग किया गया। करीब पांच दिनों तक डॉक्टरों की निगरानी में रहने के बाद 17 मार्च को मरीज को स्थिर स्थिति में डिस्चार्ज कर दिया गया।

