


– कारोबारी का लाइसेंस रद्द; 9 सैंपल फेल
– लक्सर में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन: कारोबारी का लाइसेंस रद्द; 9 सैंपल फेल
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
हरिद्वार। कांवड़ मेले के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग मिलावटखोरों और एक्सपायरी सामान बेचने वालों पर पूरी तरह सख्त हो गया है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर विभाग ने मंगलवार को लक्सर और ज्वालापुर क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी की।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन की टीम ने लक्सर तिराहा, बसेड़ी के पास एक प्रतिष्ठान पर रेड मारी। यहां से विभाग ने करीब 2 क्विंटल एक्सपायरी खाद्य पदार्थ जब्त किए, जिनमें एक्सपायर्ड नूडल्स, सॉस, कुकिंग ऑयल, स्नैक्स, पानी की बोतलें, कोल्ड ड्रिंक्स, बेसन, चायपत्ती और सोयाबड़ी शामिल थीं।
टीम ने नगर पालिका परिषद लक्सर के सहयोग से सभी जब्त एक्सपायरी सामान को सिमली लक्सर स्थिति डंपिंग ग्राउंड में गड्ढा खुदवाकर मौके पर ही नष्ट करवा दिया। वहीं मौके से सोयाबड़ी का एक सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजा गया है। गड़बड़ी मिलने पर संबंधित व्यापारी का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है और उसके खिलाफ कोर्ट में केस दर्ज कराने की संस्तुति की गई है।
उधर, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा के नेतृत्व में सचल खाद्य विश्लेषणशाला मोबाइल लैब ने रानीपुर मोड़ से ज्वालापुर के बीच चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने दुकानों से कुल 74 सैंपल लेकर ऑन-द-स्पॉट जांच की, जिसमें 9 सैंपल सब-स्टैंडर्ड (अधोमानक) पाए गए। इन सभी अधोमानक खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। जांच के दौरान साफ-सफाई न रखने और फूड लाइसेंस उचित स्थान पर न लगाने पर 3 व्यापारियों को नोटिस जारी किया गया है।

