


पुलिस ने 9 युवतियों को किया रेस्क्यू, 4 गिरफ्तार
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली और ट्रांजिट कैंप पुलिस की संयुक्त टीमों ने दो अलग-अलग स्पा सेंटरों पर छापेमारी कर देह व्यापार के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया। इस दौरान पुलिस ने आपत्तिजनक हालत में ग्राहकों और संचालकों को गिरफ्तार किया। कुल 09 महिलाओं को रेस्क्यू किया गया है।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 143 और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम (PITA) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब मुख्य फरार आरोपियों गुरमीत सिंह उर्फ गोपी (पिंक डायमंड मालिक) और राजू सिंह व शकील (व्हाइट लोटस) की तलाश में दबिश दे रही है।
पिंक डायमंड स्पा: काउंटर पर ही पकड़ा गया मैनेजर
पहली छापेमारी भूरारानी रोड स्थित ‘पिंक डायमंड स्पा’ पर हुई। प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी के नेतृत्व में जब टीम ने दबिश दी, तो काउंटर पर मैनेजर अरशद खान और दलाल रोहित छाबड़ा मौजूद मिले। कमरे के अंदर सूरज राठौर नाम का युवक एक युवती के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पाया गया। पुलिस ने यहाँ से 05 युवतियों को रेस्क्यू किया, जिन्हें दिल्ली, यूपी और पश्चिम बंगाल से यहाँ लाया गया था।
व्हाइट लोटस स्पा: फ्लाईओवर के नीचे चल रहा था गंदा खेल
ट्रांजिट कैंप प्रभारी मोहन चन्द्र पाण्डेय की टीम ने काशीपुर रोड फ्लाईओवर के नीचे स्थित ‘व्हाइट लोटस स्पा’ पर छापा मारा। यहाँ भी कमरे के भीतर ग्राहक गौरव साहू और एक महिला आपत्तिजनक हालत में मिले। काउंटर से 3700 रुपये नकद, आपत्तिजनक सामग्री और रजिस्टर बरामद किए गए। यहाँ से पुलिस ने 04 महिलाओं को रेस्क्यू किया है।
मजबूरी का फायदा उठाकर धकेला दलदल में
रेस्क्यू की गई महिलाओं ने पुलिस पूछताछ में अपनी आपबीती सुनाई। किसी ने पति द्वारा छोड़ दिए जाने तो किसी ने परिवार की आर्थिक तंगी को इस धंधे में आने की वजह बताया। स्पा संचालकों ने उन्हें ज्यादा पैसे कमाने का लालच देकर जिस्मफरोशी के दलदल में धकेला था।

